सहारनपुर में डीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठा युवक. (Photo: Screengrab)
सहारनपुर में डीएम ऑफिस के बाहर धरने पर बैठा युवक. (Photo: Screengrab)
सहारनपुर के जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एक दलित युवक रवि कुमार भूख हड़ताल पर बैठा है. रवि का आरोप है कि उसकी पत्नी ने बिना तलाक दिए दूसरे युवक से शादी कर ली और उससे बच्चा भी है, जबकि पुलिस उसकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं कर रही.
2018 में हुई थी शादी
रवि कुमार ने बताया कि उसकी शादी 2 जुलाई 2018 को शोषन उर्फ राधिका से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवरात, कीमती सामान और नकद रकम लेकर चली गई. इसके बाद उस पर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मुकदमे दर्ज कराए गए. रवि का कहना है कि वह सभी मामलों में अदालत से पूरी तरह बरी हो चुका है.
अवैध संबंध और दूसरी शादी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि अगस्त 2023 में उसकी पत्नी ने दीपक नामक युवक से अवैध संबंध बनाए और बिना तलाक शादी कर ली. दोनों का एक बच्चा भी है. रवि का कहना है कि यह साफ तौर पर कानून का उल्लंघन है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
पुलिस पर मिलीभगत और फर्जी जांच का आरोप
रवि कुमार ने स्थानीय पुलिस पर विपक्षियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि चोरी गया सामान आज तक बरामद नहीं हुआ और जांच के दौरान फर्जी बयान तक दर्ज किए गए. यहां तक कि धारा 120-B भी हटा दी गई.
हर स्तर पर शिकायत, फिर भी नहीं मिला न्याय
रवि ने थाना, एसएसपी, डीआईजी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायतें कीं, लेकिन हर जगह से उसे निराशा मिली. माता-पिता के निधन और गंभीर बीमारी से जूझ रहे रवि ने चेतावनी दी कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह भूख हड़ताल खत्म नहीं करेगा.
रवि ने कहा, 'बाबा साहब के बनाए कानून पर मुझे भरोसा है. 100 दिन बकरी की तरह जीने से अच्छा है, एक दिन शेर की तरह जीना.'
ये भी पढ़ें: