scorecardresearch

Diwali Snack Recipe: दिवाली पर बनाएं कुरकुरी टोमैटो मठरी... बच्चों से लेकर बड़ों लेंगे चटकारा, जानें पूरी रेसिपी

दिवाली पर मेहमानों पर आना लगा रहता है. ऐसे चाय के सेशन होते रहते हैं. इस मौके पर केवल चाय से काम बनेगा नहीं, ऐसे में आप दिवाली पर मेहमानों के लिए चटपटी और कुरकुरी टोमैटो मठरी बना सकते हैं.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

दिवाली का त्योहार आते ही घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनने लगती हैं. इस दौरान मेहमानों के स्वागत के लिए लोग कई तरह के नमकीन और स्नैक्स भी तैयार करते हैं. अगर आप भी इस दिवाली कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो टोमैटो फ्लेवर वाली मठरी ट्राई कर सकते हैं. यह खाने में बेहद कुरकुरी और चटपटी होती है. खास बात यह है कि इसे एक बार बनाकर कई दिनों तक रखा जा सकता है. बच्चे हों या बड़े, हर किसी को इसका स्वाद पसंद आएगा.  चलिए बताते हैं आपको इसे बनाने की आसना रेसिपी.

टोमैटो मठरी बनाने के लिए जरूरी इंग्रीडिएंट्स

घर पर टोमैटो मठरी बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए 4 से 5 पके हुए टमाटर, आधा कप सूजी, एक कप मैदा, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, थोड़ा सा साबुत धनिया, जीरा और तलने के लिए तेल लें. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए पेरी-पेरी मसाला भी रख सकते हैं.

टोमैटो मठरी बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले टमाटर को अच्छी तरह धोकर मिक्सर में पीस लें. अब एक बड़े बर्तन में टमाटर का पेस्ट निकालें और उसमें आधा कप सूजी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस मिक्सचर को करीब 30 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी टमाटर का पानी सोखकर अच्छी तरह फूल जाएगी.

अब इसमें एक कप मैदा डालें. साथ ही नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च, दरदरा कुटा हुआ धनिया और जीरा मिलाएं. आप चाहें तो अपने स्वाद के हिसाब से दूसरे मसाले भी डाल सकते हैं. इसके बाद इसमें 3 से 4 चम्मच गर्म तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं.

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 10 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे की बड़ी लोई बनाकर रोटी की तरह पतला बेल लें.

ऐसे बनाएं मठरी को कुरकुरा

बेली हुई रोटी में कांटे की मदद से छोटे-छोटे छेद कर दें. इससे तलते समय मठरी फूलेगी नहीं और अच्छी कुरकुरी बनेगी. अब चाकू से इसे तिकोने आकार में काट लें.

एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल हल्का गर्म होने पर मठरी के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तलें. इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह पक जाएं.

चाय के साथ लें टोमैटो मठरी का मजा

जब मठरी अच्छी तरह कुरकुरी हो जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें. ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रख दें. दिवाली पर मेहमानों को चाय के साथ यह चटपटी टोमैटो मठरी परोस सकते हैं. इसे पहले से बनाकर रखने से त्योहार के दिनों में बार-बार किचन में जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.