scorecardresearch

Job Resignation Tips: करने जा रहे हैं रिजाइन, तो एक बार देख लें अपना एमरजेंसी फंड भी.. पहले बना लें इनकम सोर्स, फिर उठाएं कदम

कई बार लोग नौकरी से इस्तीफा या तो बेहतर सैलरी के चक्कर में कर देते हैं, या फिर खराब दिन की वजह से. लेकिन इस्तीफा देने से पहले आपको इस बात पर गौर करना चाहिए, कि अगर आप नौकरी छोड़ देते हैं. तो आपका गुज़ारा कैसे चलेगा.

AI Generated Image AI Generated Image

कई लोग अच्छी सैलरी, बेहतर नौकरी या अपना बिजनेस शुरू करने के लिए नौकरी छोड़ना चाहते हैं. वहीं कुछ लोग ऑफिस के टेंशन, बॉस से अनबन या काम के प्रेशर की वजह से रिजाइन करने का इरादा बनाते हैं. लेकिन बिना सोचे-समझे नौकरी छोड़ना कुछ समय बाद परेशानी की वजह बन सकता है. इसलिए रिजाइन करने से पहले कुछ चीज़ों पर जरूर ध्यान देना चाहिए.

कितना एमरजेंसी फंड है आपके पास

नौकरी छोड़ने से पहले यह जरूर सोचें कि अगर कुछ महीनों तक नई नौकरी नहीं मिली, तो घर खर्च कैसे चलेगा. आपके पास इतनी सेविंग होनी चाहिए कि कम से कम 6 महीने तक आराम से खर्च चल सके. इससे आप आराम से एक अच्छी नौकरी खोज सकते हैं वो भी बिना किसी टेंशन के.

पहले ही तय करें कमाई का रास्ता

अगर आपने पहले ही दूसरी नौकरी ढूंढ ली है, तो फौरन नौकरी छोड़ना आसान फैसना हो सकता है. लेकिन अगर अभी कुछ तय नहीं है, तो पहले सोच लें कि आगे पैसे कैसे आएंगे. अगर आप अपना बिजनेस या कोई छोटा काम शुरू करना चाहते हैं, तो उसकी पूरी जानकारी और खर्च पहले से समझ लें.

कितना समय चलेगा एमरजेंसी फंड

एक कागज पर अपने हर महीने के सभी खर्च लिखें. जैसे घर का किराया, बच्चों की फीस, बिजली-पानी का बिल, ईएमआई, राशन और दूसरे जरूरी खर्च. इससे आपको साफ पता चल जाएगा कि बिना नौकरी के हर महीने कितने पैसों की जरूरत होगी.

कंपनी से मिलने वाले पैसों की लें जानकारी

नौकरी छोड़ने के बाद कंपनी आपको कुछ पैसे देती है. जैसे बची हुई छुट्टियों का पैसा, पीएफ, बोनस या दूसरे बकाया पैसे. पहले ही पता कर लें कि आपको कितना पैसा मिलेगा और कब मिलेगा. इससे आगे का खर्च प्लान करना आसान रहेगा.

अगर आप सिर्फ बॉस से नाराज होकर या किसी एक खराब दिन की वजह से नौकरी छोड़ना चाहते हैं, तो थोड़ा रुककर सोचें. हो सकता है कुछ दिनों बाद हालात पहले से बेहतर हो जाएं. इसलिए जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय अपने घर की जरूरत, बचत और आगे की कमाई को देखकर ही इस्तीफा दें.