scorecardresearch

Air Conditioner Gas Refill: कहीं टेक्नीशियन न बना दें पागल.. ऐसे जानें एसी की गैस रिफिल जरूरत, आखिर वाला है पक्का इलाज

गर्मियों के मौसम के आने से पहले ही गर्मी की तैयारी कर लें. ऐसे में एसी की गैस को रिफिल करवाना है या नहीं किस इन तरीकों से जानें.

Representative Image Representative Image

गर्मियों की शुरुआत होते ही एयर कंडीशनर की सर्विस और गैस रिफिलिंग की मांग तेजी से बढ़ जाती है. अक्सर टेक्नीशियन सर्विस के दौरान गैस कम होने की बात कह देते हैं, लेकिन क्या हर बार एसी में गैस भरवाना वाकई जरूरी होता है? इसका सीधा जवाब है, नहीं. अगर एसी में किसी तरह का गैस लीक नहीं है, तो बार-बार गैस भरवाने की जरूरत नहीं पड़ती. इसलिए जरूरी है कि आप खुद कुछ आसान संकेतों से समझ सकें कि आपके एसी में गैस भरने की वास्तविक आवश्यकता है या नहीं.

जब भी आप एसी की सर्विस करवाने वाले हों, उससे पहले कुछ समय के लिए उसे चालू करके उसकी कूलिंग जांच लें. इससे आपको अंदाजा हो जाएगा कि एसी सही तरह से ठंडक दे रहा है या नहीं. सर्विस से पहले एसी चलाने में कोई नुकसान नहीं होता. अगर सर्विस के बाद कूलिंग कम हो जाती है, तो यह संभव है कि सर्विस के दौरान कोई गड़बड़ी हुई हो. ऐसी स्थिति में आप टेक्नीशियन से बिना अतिरिक्त शुल्क के समाधान की मांग कर सकते हैं.

कॉइल्स पर बर्फ जमना देता है संकेत
अगर एसी की इनडोर कॉइल्स पर बर्फ जमने लगे, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है. दरअसल जब गैस की मात्रा घट जाती है, तो कॉइल्स जरूरत से ज्यादा ठंडी हो जाती हैं. इसके कारण हवा में मौजूद नमी बर्फ के रूप में जमने लगती है. ऐसे में टेक्नीशियन की बात सही हो सकती है, लेकिन फिर भी अन्य संकेतों की जांच करना जरूरी है.

आउटर यूनिट के पाइप पर तेल या नमी
एसी के पाइप में गैस के साथ एक खास प्रकार का तेल भी घूमता रहता है. यदि कहीं से गैस लीक होती है, तो गैस उड़ जाती है लेकिन तेल उसी जगह पर जमा रह जाता है. अगर आपको आउटर यूनिट के पाइप पर तेल जैसा चिपचिपा पदार्थ या गीलापन दिखाई दे, तो यह गैस लीक का साफ संकेत है. बिना तेल या नमी के केवल गैस खत्म होने का दावा अक्सर झूठा हो सकता है.

बबल टेस्ट से करें पक्की जांच
अगर टेक्नीशियन गैस लीक की बात कहे, तो उससे बबल टेस्ट करके दिखाने को कहें. इस प्रक्रिया में साबुन या डिटर्जेंट का गाढ़ा घोल पाइप के जोड़ पर लगाया जाता है. जहां से गैस लीक होगी, वहां तुरंत बुलबुले बनने लगेंगे. यदि बुलबुले नहीं बनते, तो समझ लें कि गैस लीक नहीं है और आपको गैर जरूरी तरीके से गैस भरवाने के लिए कहा जा रहा है.