Representative Image
Representative Image
होली का त्योहार खुशियों और रंगों से भरा होता है. इस दिन लोग खुलकर एक-दूसरे पर रंग डालते हैं. रिश्तेदारों व दोस्तों से मिलने के लिए कार या बाइक से सफर करना आम बात होती है. ऐसे में गाड़ियों पर रंग लग जाना बिल्कुल आम बात है. लेकिन अगर इन रंगों को समय पर और सही तरीके से साफ न किया जाए, तो गाड़ी के पेंट की चमक फीकी पड़ सकती है. खासकर केमिकल वाले रंग बॉडी पर जिद्दी दाग छोड़ सकते हैं. इसलिए जरूरी है कि रंग लगते ही तुरंत सफाई की जाए. आइए जानते हैं कि गाड़ी के पेंट को सुरक्षित रखते हुए उसे फिर से नई जैसी चमक कैसे दी जा सकती है.
हल्के और सूखे रंग को ऐसे करें साफ
अगर आपकी गाड़ी पर सिर्फ सूखा गुलाल या हल्का रंग लगा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले हल्के पानी से गाड़ी को धो लें ताकि ऊपर जमी रंग की परत हट जाए. इसके बाद गुनगुने पानी में थोड़ा सा माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं. एक मुलायम स्पंज या कपड़े को इस घोल में भिगोकर रंग वाले हिस्से को हल्के हाथों से साफ करें.
ध्यान रखें कि जोर से रगड़ने पर पेंट पर खरोंच आ सकती है. रंग हटने के बाद साफ पानी से दोबारा धोएं और माइक्रोफाइबर कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. जितनी जल्दी सफाई करेंगे, उतना कम नुकसान होगा.
गहरे दाग हटाने के आसान घरेलू तरीके
अगर रंग गहरा है और आसानी से नहीं निकल रहा, तो कुछ घरेलू उपाय मददगार साबित हो सकते हैं. बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें और दाग वाली जगह पर 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से धो लें.
इसके अलावा बराबर मात्रा में पानी और विनेगर मिलाकर स्प्रे करें और कुछ मिनट बाद साफ कर दें. हल्के दाग के लिए रबिंग अल्कोहल या नॉन-जेल टूथपेस्ट भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन पहले किसी छोटे हिस्से पर टेस्ट करना न भूलें.
सफाई करते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
आजकल बाजार में गाड़ियों की सफाई के लिए कई खास क्लीनर उपलब्ध हैं. इन्हें इस्तेमाल करने से पहले प्रोडक्ट के निर्देश जरूर पढ़ें और यह सुनिश्चित करें कि वह आपकी गाड़ी के पेंट के लिए सुरक्षित है. हार्ड केमिकल या खुरदुरे कपड़े का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे पेंट को स्थायी नुकसान हो सकता है. हमेशा सॉफ्ट स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़े का ही उपयोग करें. अगर दाग बहुत जिद्दी हो और घरेलू उपाय काम न करें, तो प्रोफेशनल ऑटो डिटेलर की मदद लेना बेहतर रहेगा.