5 types of Mango dish in summer for kids
5 types of Mango dish in summer for kids
Summer Season Mango Recipe गर्मियों का मौसम आते ही सबसे पहले जिस चीज का इंतजार होता है, वह है आम. मीठा, रसदार और खुशबू से भरा आम हर उम्र के लोगों का पसंदीदा फल होता है, लेकिन बच्चों के लिए इसकी बात ही अलग होती है. कभी आम को काटकर खाना, कभी उसका शेक पीना, तो कभी उससे बनी ठंडी-ठंडी डिश का मजा लेना, बच्चों के लिए गर्मियों की यही तो असली खुशी है. अगर उन्हें खाने के साथ आम मिल जाए, तो पूरा स्वाद ही दोगुना हो जाता है.
आम सिर्फ स्वाद में ही बेहतरीन नहीं होता, बल्कि यह सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है. इसमें विटामिन A, C और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. ऐसे में अगर आप चाहती हैं कि बच्चे पूरी गर्मी खुश रहें और रोज कुछ नया खाने को मिले, तो आम से बनी ये पांच आसान और टेस्टी डिश जरूर ट्राई करें.
1. मैंगो शेक
गर्मियों में बच्चों की सबसे पसंदीदा चीज होती है ठंडा और क्रीमी मैंगो शेक. इसे बनाने के लिए पके हुए आम के टुकड़े लें, उसमें ठंडा दूध, थोड़ी चीनी और कुछ बर्फ के टुकड़े डालकर मिक्सर में ब्लेंड कर लें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा ड्राई फ्रूट और आइसक्रिम भी डाल सकती हैं. यह शेक बच्चों को स्वाद भी देगा और एनर्जी भी.
2. मैंगो कुल्फी
अगर बच्चे आइसक्रीम के शौकीन हैं, तो आम की कुल्फी उनके लिए परफेक्ट है. दूध को थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं, फिर उसमें आम का पल्प, चीनी और थोड़ा इलायची पाउडर मिलाएं. इस मिश्रण को कुल्फी मोल्ड में डालकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें. कुछ घंटों बाद ठंडी-ठंडी मैंगो कुल्फी तैयार हो जाएगी.
3. मैंगो फ्रूट कस्टर्ड
बच्चों के लिए हेल्दी और टेस्टी दोनों चाहिए तो मैंगो फ्रूट कस्टर्ड सबसे अच्छा ऑप्शन है. पहले कस्टर्ड तैयार करें और उसे ठंडा होने दें. फिर उसमें आम के छोटे-छोटे टुकड़े, सेब, केला और अंगूर मिलाएं. ऊपर से ड्राई फ्रूट डाल दें. यह डिश बच्चों को बहुत पसंद आएगी.
4. मैंगो पैनकेक
नाश्ते में कुछ नया बनाना है तो मैंगो पैनकेक शानदार रहेगा. पैनकेक बैटर में आम का पल्प मिलाकर हल्का मीठा स्वाद दें. इसे तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा सेक लें. ऊपर से शहद या आम के टुकड़े डालकर सर्व करें. बच्चे इसे बड़े चाव से खाएंगे.
5. मैंगो दही बाउल
अगर कुछ हल्का और हेल्दी बनाना चाहती हैं, तो दही में आम के टुकड़े मिलाकर मैंगो योगर्ट बाउल तैयार करें. इसमें थोड़ा शहद, चिया सीड्स या कॉर्नफ्लेक्स भी डाल सकती हैं. यह स्वादिष्ट होने के साथ पेट के लिए भी अच्छा रहेगा.
ये भी पढ़ें