Ridge Gourd Chokha
Ridge Gourd Chokha
गर्मी के मौसम में हल्का और पौष्टिक भोजन करना चाहिए. ऐसे में आपके लिए नेनुआ जिसे कई जगहों पर तोरई भी कहते हैं, इसका चोखा यानी भर्ता एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. नेनुआ शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ पाचन को भी दुरुस्त रखता है. नेनुआ का चोखा बहुत ही कम मसालों में तैयार हो जाता है. इसमें तेल भी बहुत कम डाला जाता है.
यदि आप रोजाना की सब्जियों से अलग कुछ नया और देसी स्वाद ट्राई करना चाहती या चाहते हैं तो नेनुआ का चोखा जरूर बनाएं. नेनुआ का चोखा को बनाना बहुत ही आसान है. नेनुआ का चोखा बनाने के लिए तोरई, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च को भूनकर या उबालकर पकाया जाता है. इस चोखा में सरसों का तेल और प्याज मिलाने से इसका स्वाद मस्त हो जाता है.
तोरई का चोखा बनाने के लिए सामग्री
1. तोरई (नेनुआ)
2. टमाटर
3. बारीक कटा प्याज
4. लहसुन की कलियां
5. हरी मिर्च
6. सरसों का तेल
7. नींबू का रस
8. हरा धनिया
9. नमक
नेनुआ को चोखा बनाने की विधि
आप नेनुआ का चोखा दो विधि से बना सकते हैं. नेनुआ को गैस पर भूनकर भी बना सकते हैं और इसे कुकर या कड़ाही में उबालकर भी बना सकते हैं. नेनुआ का चोखा बनाने के लिए सबसे पहले नेनुआ को अच्छी तरह पानी में धो लें. इसके बाद हल्का छिलका निकाल लें. यदि नेनुआ ज्यादा मुलायम है तो पूरा छिलका हटाने की जरूरत नहीं होती. यदि आप गैस पर भूनकर तोरई को चोखा बनाना चाह रहे हैं तो तोरई, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च को गैस पर सीधे रखकर चारों तरफ से तब तक भूनें जब तक कि छिलका काला न हो जाए और वे अंदर से नरम न हो जाएं.
यदि आप कुकर में उबालकर नेनुआ का चोखा बनाना चाह रहे हैं तो नेनुआ को दो-तीन टुकड़ों में काट लें. गैस को चलाकर उसपर कुकर चढ़ाएं और इसमें नेनुआ को टुकड़ों को डाल दें. इसमें टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन को भी डाल दें. ध्यान रखें कुकर में जरा सा भी पानी नहीं डालना है क्योंकि तोरई खुद पानी छोड़ती है. अब मध्यम आंच पर 2-3 कुकर की सीटी लगाएं. इसके बाद गैस को बंद कर दें. अब पकी हुई तोरई और टमाटर को एक प्लेट में निकालें. टमाटर के छिलके उतार लें. अब एक मिक्सिंग बाउल में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, टमाटर और लहसुन डालें. इसमें स्वादानुसार नमक और भुना जीरा मिलाएं. यदि आप तीखा पसंद करते हैं तो लाल मिर्च भी डाल सकते हैं. यदि आप खट्टा पसंद करते हैं तो इसमें थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं. इसके बाद उबले हुए नेनुआ को हाथ या मैशर की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसे तैयार मसालों में मिला दें. ऊपर से सरसों का तेल डालें और सारी चीजों को अच्छे से मिक्स करें. आपको मालूम हो कि नेनुआ के चोखे में सरसों का तेल डालने से इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. इस तरह से स्वादिष्ट और पौष्टिक तोरई का चोखा तैयार है. आप नेनुआ का चोखा चावल, दाल और रोटी या परांठे के साथ खा सकते हैं. कई लोग इसे सत्तू या लिट्टी के साथ भी खाना पसंद करते हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में चोखा बनाने की यह पारंपरिक शैली काफी पसंद की जाती है.