Ceiling Fan Cleaning Tip (AI)
Ceiling Fan Cleaning Tip (AI)
घर की सफाई करते समय सीलिंग फैन साफ करना काफी मुश्किल लगता है. पंखे के ब्लेड पर महीनों से जमा धूल को साफ करने पर यह नीचे फर्श, बेड या सोफे पर गिर जाती है. इससे एक काम के साथ दूसरा काम भी बढ़ जाता है. लेकिन एक आसान तरीका को अपनाकर आप इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकते हैं. इसके लिए घर में पड़ी पुरानी कॉटन की बेडशीट काम आ सकती है.
इस आसान तरीके के लिए आपको एक पुरानी कॉटन की बेडशीट चाहिए. कपड़ा इतना बड़ा होना चाहिए कि पंखे का ब्लेड उसके अंदर आसानी से आ जाए. कॉटन का कपड़ा ब्लेड पर जमा धूल और जाले को पकड़ने में मदद करता है. सफाई शुरू करने से पहले पंखे का स्विच बंद कर दें और पंखे के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें.
सबसे पहले पुरानी बेडशीट को खोलें और पंखे के एक ब्लेड को उसके अंदर डाल दें. कोशिश करें कि ब्लेड का ज्यादातर हिस्सा कपड़े के अंदर रहे. अब कपड़े को दोनों तरफ से हल्के हाथ से पकड़ें. इसके बाद कपड़े को ब्लेड पर हल्का दबाव देते हुए धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचें. ऐसा करने से ब्लेड पर जमी धूल कपड़े में जमा होती जाएगी और नीचे कम गंदगी गिरेगी. यही तरीका पंखे के बाकी ब्लेड पर भी दोहराएं.
सभी ब्लेड साफ करने के बाद पंखे के बीच वाले हिस्से को साफ कपड़े से पोंछ सकते हैं. इस्तेमाल की गई बेडशीट को कमरे में जोर से न झाड़ें. इसे सावधानी से डस्टबिन के पास खोलें और फिर धोने के लिए रख दें. इससे कपड़े में जमा धूल दोबारा कमरे में फैलने से बच सकती है.
पंखा साफ करते समय सेफ्टी सबसे जरूरी है. स्विच बंद करने के साथ पंखे के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें. अगर ब्लेड तक पहुंचने के लिए स्टूल या सीढ़ी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे मजबूत जगह पर रखें. स्टेबल जगह पर खड़े होकर सफाई करें.