dough storage tips
dough storage tips
नरम और फूली हुई रोटी के लिए आटा अच्छी तरह गूंथ होना सबसे जरूरी है. हालांकि, कई बार आटा गूंथ के कुछ देर रखने से आटा सूख जाता है. ऐसे में आमतौर पर लोग गूंथे हुए आटे को फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन अगर घर में फ्रिज न हो या कुछ घंटों के लिए आटा बाहर रखना हो, तो क्या किया जाए? पुराने समय में लोग इसके लिए कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाते थे. तो चलिए आपको बताते हैं आटे को सॉफ्ट रखने के लिए कुछ घरेलू तरीकों के बारे में...
गूंथे आटे को गीले कपड़े से ढकें
आटा गूंथने के बाद उसे खुला छोड़ने की गलती न करें. इससे आटे की ऊपरी सतह सूख सकती है और धूल-मिट्टी भी चिपक सकती है. इसके लिए आटे को किसी साफ बर्तन में रखें और ऊपर से साफ, हल्के गीले कपड़े से ढक दें. ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत ज्यादा गीला न हो और उसका पानी आटे में न जाए.
ठंडी और छायादार जगह चुनें
अगर फ्रिज का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो आटे को रसोई की ऐसी जगह रखें जहां धूप या ज्यादा गर्मी न हो. गैस चूल्हे, ओवन और दूसरे गर्म उपकरणों के पास आटा रखने से बचें. पुराने समय में कई घरों में मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता था, क्योंकि वे चीजों को अपेक्षाकृत ठंडा रखने में मदद करते हैं. अगर मिट्टी का बर्तन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वह अच्छी तरह साफ और सूखा होना चाहिए.
आटे पर लगाएं तेल की हल्की परत
गूंथे हुए आटे की सतह पर थोड़ा सा तेल लगाने से भी उसे जल्दी सूखने से बचाया जा सकता है. आटे पर तेल की बहुत हल्की परत लगाएं और फिर उसे ढक कर रखें. ज्यादा तेल डालने की जरूरत नहीं है. कुछ समय बाद रोटी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले आटे में यह तरीका मददगार हो सकता है.
गर्मी में ज्यादा सावधानी जरूरी
बिना फ्रिज के गूंथे हुए आटे को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखना सुरक्षित नहीं माना जाता, खासकर गर्मी और उमस के मौसम में. अगर आटे से अजीब गंध आने लगे, उसका रंग या बनावट बदल जाए या वह जरूरत से ज्यादा चिपचिपा लगे, तो उसे इस्तेमाल न करें.
ये भी पढ़ें: