इंजेक्शन वाली सब्जियां कैसे पहचानें
इंजेक्शन वाली सब्जियां कैसे पहचानें
आजकल बाजार में मिलने वाली सब्जियां पहले से ज्यादा बड़ी, चमकदार और परफेक्ट दिखने लगी हैं. देखने में भले ही ये आकर्षक लगें, लेकिन इनके पीछे की सच्चाई अक्सर चौंकाने वाली होती है. कई जगहों पर सब्जियों को जल्दी बड़ा करने और ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए इंजेक्शन या केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में सवाल उठता है क्या हम जो खा रहे हैं, वह सच में खाने लायक है? सबसे जरूरी बात अगर किसी सब्जी या फल को इंजेक्शन से बड़ा किया गया है तो हम कैसे इसका पता लगा सकते हैं.
कुछ विक्रेता सब्जियों की ग्रोथ तेज करने के लिए ऑक्सीटोसिन जैसे हार्मोन या अन्य केमिकल का इस्तेमाल करते हैं. इससे सब्जियां जल्दी बड़ी हो जाती हैं और दिखने में ज्यादा ताजी व आकर्षक लगती हैं.
कैसे पहचानें इंजेक्शन वाली सब्जियां?
1. जरूरत से ज्यादा बड़ी दिखे: अगर आपको बाजार में सभी सब्जियां लगभग एक ही साइज और बहुत बड़ी दिखें, तो उन्हें न खरीदें. प्राकृतिक रूप से उगी सब्जियों में आकार और शेप में थोड़ा अंतर होता है, जबकि केमिकल से उगाई गई सब्जियां अक्सर एक जैसी दिखती हैं.
2. असामान्य चमक और रंग: बहुत ज्यादा चमकदार या गहरे रंग की सब्जियां भी शक पैदा करती हैं. जैसे बैंगन, टमाटर या शिमला मिर्च अगर जरूरत से ज्यादा चमकदार दिखें, तो यह इंजेक्शन से तैयार की हुई हो सकती है. कई बार इन पर केमिकल कोटिंग भी की जाती है.
3. छिलके पर निशान या सुई के दाग: ध्यान से देखने पर कुछ सब्जियों पर छोटे-छोटे छेद या निशान दिखाई दे सकते हैं. ये इंजेक्शन लगाने के कारण हो सकते हैं. हालांकि, यह हर बार साफ नजर नहीं आता, लेकिन ध्यान देने पर पहचान संभव है.
4. अंदर से असामान्य बनावट: जब आप सब्जी को काटते हैं, तो उसकी बनावट बहुत कुछ बता देती है. अगर सब्जी अंदर से स्पंजी, बहुत ज्यादा सख्त या असामान्य लगे तो यह संकेत हो सकता है कि उसमें केमिकल का इस्तेमाल हुआ है.
5. स्वाद और खुशबू में कमी: प्राकृतिक सब्जियों की एक खास खुशबू और स्वाद होता है. अगर सब्जी पकाने के बाद भी स्वाद फीका या अजीब लगे, तो यह उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाता है.
6. जल्दी खराब होना: इंजेक्शन या केमिकल से तैयार की गई सब्जियां अक्सर जल्दी खराब हो जाती हैं. अगर सब्जी खरीदने के एक-दो दिन में ही सड़ने लगे, तो उसे बनाकर न खाएं.
7. काटने पर ज्यादा पानी निकलना: लौकी, तोरई या खीरा जैसी सब्जियों को काटते समय अगर उनमें से बहुत ज्यादा पानी निकलता है, तो यह असामान्य हो सकता है. यह कृत्रिम ग्रोथ का संकेत हो सकता है.
सेहत पर क्या असर पड़ता है?
ऐसी सब्जियों का लगातार सेवन करने से शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है. इससे हार्मोनल असंतुलन, पेट से जुड़ी समस्याएं और लंबे समय में अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है.
खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
हमेशा मौसमी सब्जियां खरीदें.
बहुत बड़ी और परफेक्ट दिखने वाली सब्जियों से बचें.
स्थानीय और भरोसेमंद विक्रेता से ही खरीदारी करें.
घर लाकर सब्जियों को नमक वाले पानी या साफ पानी से अच्छी तरह धोएं.
ऑर्गेनिक सब्जियां खरीदें.