
Kanpur second marriage
Kanpur second marriage
कानपुर में एक वलीमा समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई. महिला ने स्टेज पर बैठी दूसरी दुल्हन के सामने खुद को पहली पत्नी बताते हुए कहा कि उसका अब तक तलाक नहीं हुआ है, फिर दूसरी शादी कैसे कर ली गई. हंगामे के बीच दूल्हा मौके पर नहीं था. पुलिस उसे पूछताछ के लिए चौकी ले गई है.
2022 में परिवार की रजामंदी से की थी लव मैरिज
जूही निवासी आसिफ मोहम्मद इंटीरियर डेकोरेटर का काम करता है. सहाना हसन के मुताबिक, साल 2022 में दोनों की फेसबुक पर दोस्ती हुई थी. बातचीत प्यार में बदली तो दोनों ने परिवार की सहमति से निकाह किया. शादी के बाद दोनों परिवारों ने धूमधाम से वलीमा कार्यक्रम भी आयोजित किया था.
दो साल बाद रिश्ते में आई दरार
सहाना का आरोप है कि शादी के करीब दो साल बाद आसिफ का व्यवहार बदल गया. वह मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा. इसके बाद वह मायके आ गई. सहाना ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, जबकि आसिफ ने उसे विदाई के लिए अदालत में दावा दाखिल कर दिया. दोनों के बीच मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.
पड़ोसी से मिली दूसरी शादी की सूचना
सहाना का कहना है कि उसे आसिफ के पड़ोसी ने जानकारी दी कि उसने दूसरी शादी कर ली है और चकेरी के चौधरी मैरिज लॉन में 24 जुलाई को वलीमा रखा गया है. सूचना मिलते ही वह पुलिस के साथ कार्यक्रम में पहुंच गई.

स्टेज पर दूसरी दुल्हन से बोली- 'मैं पहली पत्नी हूं'
वलीमा में पहुंचते ही सहाना ने स्टेज पर बैठे आसिफ और उसकी दूसरी पत्नी को देखा. आरोप है कि सहाना को देखते ही आसिफ वहां से हट गया, जबकि दूसरी दुल्हन स्टेज पर ही बैठी रही. सहाना उसके पास पहुंची, वीडियो बनाते हुए कहा, 'तुम जानती हो मैं कौन हूं? मैं इसकी पहली पत्नी हूं. मेरा अभी तक तलाक नहीं हुआ है. मैं इसे छोड़ूंगी नहीं. लव मैरिज की थी.'
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. आसिफ की मां और जेठानी ने सहाना को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया. इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ी.
पुलिस दूल्हे को चौकी ले गई, जांच शुरू
सूचना मिलने पर चकेरी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. पुलिस सहाना और आसिफ दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी ले गई. सहाना ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर दूसरी शादी करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की.
एसीपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि एक महिला ने अपने पति पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों की पहले से शादी हो चुकी है और तलाक भी नहीं हुआ है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें