Workplace Surveillance
Workplace Surveillance
फर्ज कीजिए आप अपने ऑफिस डेस्क पर बैठे हों, काम कर रहे हों और आपको हर पल यह महसूस हो कि कोई आपकी हर एक्टिविटी पर नजर रख रहा है. आप कब उठे, कितनी देर बैठे, फोन पर क्या देखा, यहां तक कि आपकी सांसों की रफ्तार भी ट्रैक हो रही हो. चीन की कुछ कंपनियों में अब ऐसा ही हो रहा है.
ऑफिस में काम के दौरान निगरानी कोई नई बात नहीं है, लेकिन चीन की कुछ कंपनियां अब कर्मचारियों की मूवमेंट, ऑनलाइन एक्टिविटी और यहां तक कि हेल्थ डेटा तक को ट्रैक कर रही है. South China Morning Post की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्वांगझू की एक टेक कंपनी में काम करने वाली महिला को तब झटका लगा जब उसने अपने डेस्क के ऊपर कैमरा लगा पाया. यह कैमरा तब लगाया गया था, जब उसने बीमारी के कारण बिजनेस ट्रिप पर जाने से मना कर दिया था.
महिला का दावा है कि कैमरा सिर्फ ऑफिस की गतिविधियों ही नहीं, बल्कि उसके फोन और कंप्यूटर की निजी चीजों जैसे मैसेज और फोटो भी रिकॉर्ड कर रहा था.
'स्मार्ट सीट' से हो रही हेल्थ की निगरानी
हांगझोउ की एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि उसकी कंपनी ने स्मार्ट सीट लगाई, जो हार्ट रेट, सांस लेने के पैटर्न और बैठने के तरीके तक को ट्रैक करती है. उसे इस निगरानी का पता तब चला, जब मैनेजर ने हर सुबह उसकी 30 मिनट की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया और बोनस काटने की धमकी दी.
टॉयलेट ब्रेक तक पर कंट्रोल
फुझोउ की एक एडवरटाइजिंग कंपनी में कर्मचारियों के टॉयलेट ब्रेक तक सीमित कर दिए गए. यहां कर्मचारियों को फिंगरप्रिंट स्कैन के जरिए टाइम दर्ज करना होता है और तय समय से ज्यादा रुकने पर जुर्माना लगाया जाता है. वहीं, एक स्टार्टअप में कर्मचारी को सिर्फ इस आधार पर नौकरी से निकाल दिया गया कि वह ऑफिस समय में सोशल मीडिया और ऑनलाइन शॉपिंग कर रहा था जिसके सबूत कंपनी ने सर्विलांस डेटा से जुटाए.