Gardening Tips
Gardening Tips
चुकंदर खाना बहुत लोगों को पसंद होता है. जूस के साथ सलाद में भी इसका खूब इस्तेमाल होता है. चुकंदर सेहत के लिए फायदेमंद होता है. इससे बॉडी में खून बढ़ता है और कमजोरी दूर होती है. इसको घर की बालकनी में आसानी से उगा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं कि इसे गमले में कैसे उगाया जा सकता है और कितने दिनों में इसके फल का आनंद उठाया जा सकता है.
चुकंदर उगाने के लिए कैसा होना चाहिए गमला?
चुकंदर को गमले में उगाना ज्यादा मेहनत का काम नहीं है. इसे छोटे गमले में भी उगाया जा सकता है. हालांकि गमला थोड़ा गहरा होना चाहिए. 10-12 इंच गहराई वाले गमले में आसानी से चुकंदर उगा सकते हैं. अगर गमला बड़ा है तो उसमें ज्यादा चुकंदर उगाया जा सकता है. लेकिन एक बात का ध्यान रखना जरूरी है कि गमले में पानी निकासी के लिए छेद होना चाहिए.
कैसी मिट्टी की होती है जरूरत?
चुकंदर उगाने के लिए हल्की और उपजाऊ मिट्टी की जरूरत पड़ती है. इसके लिए बगीचे की मिट्टी ली जा सकती है. इसके बाद इसमें गोबर की खाद या कंपोस्ट मिलाया जा सकता है. अगर मिट्टी अच्छी होती है तो पौधा भी तेजी से बढ़ता है. गमले में भरने से पहले मिट्टी को अच्छी तरह से मिला लेना चाहिए.
कैसे बोना चाहिए बीज?
चुकंदर के बीज को एक इंच गहराई में बोना चाहिए. एक गमले में ज्यादा बीज नहीं डालना चाहिए. साइज के हिसाब से बीज डालना चाहिए. बीज बोने के बाद हल्की मिट्टी से बीज को ढक दें. इसके बाद ऊपर से थोड़ा सा पानी डाल दें.
पौधे में कब पानी देना चाहिए?
चुकंदर के पौधे के लिए ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. इसलिए पानी का संतुलन जरूरी है. एक बार पानी डालने के बाद गमले की मिट्टी की पूरी तरह से सूखने देना चाहिए. उसके बाद ही दोबारा पानी डालना चाहिए. इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि मिट्टी में हमेशा हल्की नमी होनी चाहिए. गर्मी के मौसम में रोजाना थोड़ा-थोड़ा पानी दिया जा सकता है. लेकिन सर्दी के मौसम में हफ्ते में 2 बार ही पानी देना चाहिए.
चुकंदर के पौधे को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप की जरूरत होती है. 7 से 10 दिन के बाद बीज में पौधे लगने लगते हैं.
कितने दिन में तैयार होता चुकंदर?
आमतौर पर बीज बोने के बाद 7 से 10 दिनों के भीतर पौधा निकलने लगता है. इसके बाद पौधे में एक महीने में एक बार खाद डालना चाहिए. आमतौर पर बीज बोने के 50 से 60 दिनों के अंदर चुंकदर तैयार हो जाता है. जब मिट्टी के ऊपर थोड़ा लाल हिस्सा दिखाई देने लगे तो समझ लीजिए कि चुकंदर तैयार है. अब आप चुकंदर को मिट्टी से निकाल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: