Mango Plant Care
Mango Plant Care
अगर आपको होम गार्डनिंग का शौक है और आपने छत पर गमले में आम का पौधा लगाया है. उसमें बौर तो खूब लगते हैं, लेकिन अमिया झड़ जाते हैं. लेकिन इस साल परेशान नहीं होना है. कुछ घरेलू उपाय करके गमले में पौधे में अमिया झड़ने की समस्या से निजात पा सकते हैं. सही देखभाल और पोषण से पौधे से अच्छी पैदावार ले सकते हैं.
शहद का करें इस्तेमाल-
आम के पौधे पर जब बौर आता है, उस समय मधुमक्खियों का आना बहुत जरूरी होता है. मधुमक्खियां फूलों का परागण करती हैं, जिससे अधिक संख्या में फल बनने की संभावना बढ़ जाती है. इसके लिए देसी तरीका यह है कि पौधे के आसपास शुद्ध शहद की थोड़ी-थोड़ी मात्रा अलग-अलग जगह पर लगा दें. शहद की खुशबू से मधुमक्खियां आकर्षित होती हैं और फूलों पर बैठकर परागण की प्रक्रिया तेज कर देती हैं.
ज्यादा पानी नहीं देना चाहिए-
फूल आने के समय पौधे को अधिक पानी नहीं देना चाहिए. ज्यादा पानी देने से पौधे को ठंडक मिलती है और नई कोंपलें निकालने लगती हैं. जिससे फूल और फल बनने का प्रोसेस कमजोर होता है. इसलिए जब तक छोटी-छोटी अमिया बनना शुरू ना हो जाए, तब तक पौधे में ज्यादा पानी ना डालें. जब फल थोड़ा बड़ा हो जाए, तब सामान्य रूप से सिंचाई की जा सकती है.
समय-समय पर गुड़ाई-
मिट्टी की समय-समय पर गुड़ाई करना जरूरी है. इससे पौधे को फायदा होता है. 2 हफ्ते में एक बार हल्की गुड़ाई करनी चाहिए. इससे जड़ों तक हवा पहुंचती है और पौधों को पोषण मिलता है. इससे फल अच्छे से विकसित होते हैं.
खास खाद का इस्तेमाल-
गमले में पौधे के लिए एक खास घरेलू खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक चम्मच चाय पत्ती को एक लीटर पानी में उबालकर छान लें. ठंडा होने के बाद इस पानी को पौधे में डालें. इससे पौधे को पोषण मिलता है और फल बनने की प्रक्रिया मजबूत होती है. लेकिन सीधे इस्तेमाल की हुई चाय पत्ती पौधे में नहीं डालनी चाहिए, क्योंकि इससे नुकसान भी हो सकता है.
ये भी पढ़ें: