Weather Man
Weather Man
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के डेरोली अहीर गांव के रहने वाले संतलाल इन दिनों अपने अनोखे दावों की वजह से चर्चा में हैं. उनका कहना है कि उन्हें मौसम का एहसास सामान्य लोगों से बिल्कुल अलग होता है. जहां भीषण गर्मी में लोग कूलर और एसी ढूंढने लगते हैं, वहीं संतलाल दो मोटे कंबल ओढ़े नजर आते हैं. उनका दावा है कि उन्हें गर्मियों में सर्दी और सर्दियों में गर्मी महसूस होती है. गांव के लोग भी बताते हैं कि बचपन से उनका रहन-सहन ऐसा ही है.
45 डिग्री तापमान में भी ओढ़ते हैं दो कंबल
पिछले दिनों महेंद्रगढ़ में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा रहा है. तेज धूप और लू से बचने के लिए लोग घरों में रहने को मजबूर हैं. लेकिन संतलाल इस मौसम में भी दो गर्म कंबल ओढ़े घूमते दिखते हैं. उनका कहना है कि उन्हें इस समय ठंड महसूस होती है. ठंड से बचने के लिए वे कई बार अलाव भी जलाते हैं और उसके सामने बैठते हैं.
सर्दियों में बर्फ की सिल्ली पर लेटने का दावा
संतलाल का कहना है कि सर्दियों में उनका अनुभव बिल्कुल उल्टा होता है. उनका दावा है कि कड़ाके की ठंड में भी उन्हें गर्मी लगती है. वे बताते हैं कि इस दौरान वे बर्फ की सिल्ली पर लेट जाते हैं, सुबह करीब पांच बजे तालाब में नहाते हैं. उनका कहना है कि बचपन से ही उनका शरीर मौसम के प्रति अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है.
आज तक कोई गंभीर बीमारी नहीं हुई
संतलाल का दावा है कि उन्हें आज तक कोई गंभीर बीमारी नहीं हुई. उनके मुताबिक, बचपन से ही उनका शरीर सामान्य लोगों से अलग तरह से मौसम को महसूस करता है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी इस स्थिति को लेकर विशेष इलाज की जरूरत महसूस नहीं की और वे सामान्य जीवन जीते हैं.
ग्रामीण बोले- बचपन से ऐसे ही हैं संतलाल
संतलाल के दावों की पुष्टि के लिए गांव के लोगों से बात की गई तो उन्होंने भी कहा कि यह कोई दिखावा नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि वे बचपन से ही उन्हें इसी तरह देख रहे हैं. गांव में लोग उन्हें उनके नाम से कम और 'मौसम विभाग' के नाम से ज्यादा जानते हैं. उनके अनुसार, मौसम चाहे जैसा भी हो, संतलाल का रहन-सहनलगभग एक जैसा ही है.
संतलाल का कहना है कि जिला प्रशासन उन्हें कई बार सम्मानित कर चुका है और समय-समय पर सहायता भी मिली है. उनके मुताबिक, बाहर से आए डॉक्टरों की टीम ने भी उनकी जांच की, लेकिन उनकी इस स्थिति का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका.
रिकॉर्ड बनाने का भी किया दावा
संतलाल का दावा है कि उन्होंने बर्फ की सिल्ली पर सबसे अधिक समय तक लेटने का रिकॉर्ड भी बनाया है. गांव के लोग उन्हें किसी अजूबे से कम नहीं मानते और उनकी इस अनोखी शारीरिक स्थिति को प्रकृति का अनोखा वरदान बताते हैं.
ये भी पढ़ें