चांद सा खिल उठेगा चेहरा, किचन की इन चीजों से बनाएं देसी उबटन (Photo- Getty Image)
चांद सा खिल उठेगा चेहरा, किचन की इन चीजों से बनाएं देसी उबटन (Photo- Getty Image)
होली का त्योहार रंगों और खुशियों का प्रतीक है, लेकिन केमिकल वाले रंग कई बार त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं. रंग खेलने के बाद स्किन रूखी, बेजान और दागदार नजर आने लगती है. ऐसे में दादी-नानी का पारंपरिक नुस्खा ‘उबटन’ आज भी बेहद कारगर माना जाता है. होली से एक दिन पहले या रंग खेलने के बाद नहाने से पहले उबटन लगाने की परंपरा कई घरों में आज भी निभाई जाती है. यह न सिर्फ रंग को आसानी से हटाने में मदद करता है, बल्कि त्वचा को पोषण देकर उसे मुलायम और चमकदार भी बनाता है.
उबटन के लिए जरूरी सामग्री
होली स्पेशल उबटन बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है. अधिकतर सामग्री आपकी रसोई में ही मिल जाएगी.
2 चम्मच बेसन
2 चम्मच दही या कच्चा दूध
1 चम्मच हल्दी (बेसन की आधी मात्रा)
कुछ बूंदें नींबू का रस
1 चम्मच बादाम या नारियल का तेल
जरूरत अनुसार गुलाब जल
अगर पेस्ट ज्यादा गाढ़ा हो जाए तो उसमें थोड़ा कच्चा दूध या गुलाब जल मिलाकर उसे स्मूथ बनाया जा सकता है. संवेदनशील त्वचा वाले लोग नींबू का रस कम मात्रा में डालें या बिल्कुल न डालें.
कैसे बनाएं उबटन?
सबसे पहले एक साफ बाउल में बेसन छान लें। उसमें दही या कच्चा दूध मिलाएं. अब हल्दी और तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अंत में जरूरत के अनुसार नींबू का रस मिलाएं. मिश्रण को तब तक चलाएं जब तक गाढ़ा और मुलायम पेस्ट तैयार न हो जाए. यह उबटन आप होली से एक दिन पहले भी तैयार कर सकते हैं.
कैसे लगाएं उबटन?
उबटन को चेहरे से लेकर पूरे शरीर पर लगाया जा सकता है. इसे कम से कम 15 मिनट तक सूखने दें. जब यह लगभग 70 प्रतिशत सूख जाए, तो हाथों में थोड़ा दूध या गुलाब जल लेकर हल्के हाथों से गोलाई में मसाज करें और फिर गुनगुने पानी से स्नान कर लें. होली के अलावा भी हर 15 दिन में इस उबटन का इस्तेमाल करने से त्वचा हेल्दी बनी रहती है.
उबटन के फायदे
दही त्वचा को नमी देता है और उसे मुलायम बनाता है.
हल्दी रंगत निखारने और दाग-धब्बे कम करने में मदद करती है.
बेसन डेड स्किन और गंदगी को साफ करता है.
तेल त्वचा को पोषण देकर ड्राइनेस कम करता है.
रंग खेलने के बाद यह उबटन त्वचा को सुकून देता है और नेचुरल ग्लो वापस लाने में मददगार साबित होता है.
ये भी पढ़ें: