Chilli Plant Care
Chilli Plant Care
घर या छत पर हरी मिर्च का पौधा लगाना जितना आसान लगता है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल उसे भरपूर मिर्च से लदा देखना होता है. कई बार पौधा खूब हरा-भरा रहता है, फूल भी आते हैं, लेकिन मिर्च गिनती की ही लगती हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. पौधे की सही देखभाल के साथ कुछ घरेलू ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल करके मिर्च की पैदावार को बेहतर किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए महंगी खाद खरीदने की जरूरत नहीं, घर में मौजूद कुछ चीजों से ही काम चल सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
केले और प्याज के छिलकों से बनाएं खाद
घर पर ऑर्गेनिक खाद तैयार करने के लिए केले के छिलके, प्याज के छिलके और सब्जियों के छिलकों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इन्हें पानी में 2 से 3 हफ्ते तक भिगोकर रखें. इसके बाद पानी को छानकर खाद के घोल के तौर पर पौधों में डाल सकते हैं. इससे पौधे को कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं.
गोबर की खाद से पौधा बनेगा मजबूत
हरी मिर्च के पौधे को अच्छी पैदावार के लिए पोटेशियम, फास्फोरस और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इसके लिए पौधे की मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट डाला जा सकता है. इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और पौधे की जड़ें मजबूत होती हैं. ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद देने से पौधे में पत्तियां तो ज्यादा आ सकती हैं, लेकिन मिर्च कम लग सकती हैं.
लकड़ी की राख भी आएगी काम
मिर्च के पौधे के लिए लकड़ी की राख भी फायदेमंद मानी जाती है. इसमें पोटेशियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. वहीं, कैल्शियम की कमी पूरी करने के लिए अंडे के छिलकों का बारीक पाउडर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे मिट्टी में थोड़ी मात्रा में मिलाएं. इन चीजों का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करना जरूरी है.
धूप और पानी का रखें ध्यान
अच्छी पैदावार के लिए मिर्च के पौधे को रोजाना पर्याप्त धूप मिलना जरूरी है. साथ ही पौधे में जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. अधिक पानी देने से फूल झड़ सकते हैं और जड़ों में सड़न की समस्या हो सकती है. सही खाद, पर्याप्त धूप और संतुलित पानी से पौधा स्वस्थ रहेगा और मिर्च की पैदावार भी बेहतर हो सकती है.
ये भी पढ़ें: