scorecardresearch

Aadhar Card: किरायेदार-नौकर का आधार कार्ड असली है या नकली? कहीं फर्जी दस्तावेज तो नहीं दिया थमा... इन तरीकों से करें पहचान

किसी को घर किराए पर देते समय आप उससे आधार कार्ड जरूर मांगते हैं. वह बेझिझक दिखा भी देते हैं. लेकिन क्या वो कार्ड असली है, जो आपको दिखाया जा रहा है. अगर आप भी यहां आकर अटक जाते हैं, तो इन तरीकों की मदद से उसके असली या नकली होने की पहचान कर सकते हैं.

Advertisement
Aadhar Card Aadhar Card

आज के समय में घर किराये पर देना या घरेलू काम के लिए किसी नौकर रखना एक आम बात है. लेकिन ऐसा करते समय उसकी पहचान की जांच करना बहुत जरूरी है. कई बार लोग आधार कार्ड देखकर ही किसी व्यक्ति पर भरोसा कर लेते हैं. लेकिन क्या उस आधार पर यकीन किया जा सकता है? क्या गारंटी है कि वह असली है? इसलिए केवल आधार कार्ड की कॉपी देखना काफी नहीं है, बल्कि उसका असली होना ज्यादा जरूरी है. ऐसे में सवाल यही आता है कि हम कैसे पता लगाएं कि वह असली है? साथ ही आधार आखिर जरूरी क्यों है?

आधार कार्ड की जांच करना क्यों जरूरी है?

किरायेदार या घरेलू काम करने वाले व्यक्ति को रखने से पहले उसकी पहचान की सही जानकारी लेना जरूरी है. इससे किसी भी गलत काम या धोखाधड़ी का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है. इसके लिए आप आधार कार्ड पर दी गई जानकारी और उसकी पहचान की जांच कर सकते हैं. आधार कार्ड केवल किसी की पहचान का प्रमाण है, लेकिन यह अपने आप में किसी व्यक्ति के अच्छे कैरेक्टर का प्रमाण नहीं है.

घर बैठे चेक करें ऑनलाइन आधार कार्ड को?

किरायेदार या नौकर के आधार कार्ड की जांच करने के लिए सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके लिए आप आधार वेरिफिकेशन पेज खोल सकते हैं. यहां आधार नंबर डालकर उसकी जांच करें. इससे आपको पता चल सकता है कि आधार नंबर सही है या नहीं. साथ ही, उम्र, लिंग और राज्य जैसी कुछ जानकारी भी मिल सकती है. 

QR कोड स्कैन करके भी करें जांच

आधार कार्ड असली है या नहीं, यह पता करने का एक और आसान तरीका QR कोड है. आधार कार्ड, ई-आधार और PVC आधार कार्ड पर दिए गए QR कोड को UIDAI के आधार ऐप या आधार QR कोड स्कैनर से स्कैन किया जा सकता है. इसमें व्यक्ति की फोटो और दूसरी जानकारी दिखाई देती है. आप इन जानकारियों का मिलान कार्ड पर लिखी जानकारी से कर सकते हैं. अगर फोटो या जानकारी मेल नहीं खाती, तो कार्ड की दोबारा जांच करें. 

किरायेदार और नौकर को रखने से पहले क्या करें?

किसी भी व्यक्ति को घर में रखने से पहले उसका नाम, फोटो और अन्य जरूरी जानकारी जांच लें. जरूरत पड़ने पर उसका दूसरा पहचान पत्र भी देख सकते हैं. किरायेदार रखने पर अपने इलाके के नियमों के अनुसार पुलिस वेरिफिकेशन भी कराएं. केवल आधार कार्ड देखकर किसी व्यक्ति पर पूरा भरोसा न करें.