scorecardresearch

Methi and Cheese Snacks: मेथी के साग का आ गया है सीजन, नोट कर लें बच्चों को पसंद आने वाली ये खास रेसिपी

सर्दियों में मिलने वाली मेथी केवल सब्जी नहीं है, बल्कि सेहत के लिए बरदाना है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम, विटामिन- सी, और मैग्नीशियम सहित कई पोषक तत्व की मात्रा पाई जाती है. लेकिन फिर भी बच्चे इसे खाने में नखरे करते हैं. अगर आपके बच्चे भी मेथी का नम सुनते ही मुंह बना लेते हैं, तो उन्हें ये डिश बनाकर जरूर खिलाएं. एक बार खा लेंगे तो बार-बार मांगेंगे.

Advertisement
मेथी चीज बॉल रेसिपी मेथी चीज बॉल रेसिपी

सर्दियां आते ही बाजार में हरी-हरी मेथी मिलने लगती है. मेथी का साग सेहत के साथ खाने का स्वाद भी बढ़ाता है. लेकिन बच्चे इसको खाने में बहुत नखरे करते हैं. उन्हें मेथी खिलाना मतलब उनका मूड खराब होना, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. क्यों न बच्चों को इस बार मेथी को कुछ अलग अंदाज में बनाकर परोसा जाए? अगर आपके बच्चे भी हरी सब्जियां देखकर मुंह बनाने लगते हैं, तो आप उनके लिए चीज मेथी बाइट्स बना सकती हैं. इसमें उन्हें मेथी के साथ उनके मनपसंद आलू और चीज का स्वाद भी आएगा. ये डिश बाहर से कुरकुरे और अंदर से चीज से भरी होगी, जो बच्चों का भूख भी मिटाएगी और सेहत को फायदा भी पहुंचाएगी.

चीज मेथी बाइट्स बनाने के लिए आपको चाहिए-

  • 1 कप बारीक कटी ताजी मेथी
  • 2 मध्यम आकार के उबले आलू
  • आधा कप कद्दूकस किया हुआ चीज
  • 3-4 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स
  • 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
  • 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • तलने के लिए तेल

सबसे पहले मेथी को इस तरह करें तैयार
मेथी के पत्तों को डंठल से अलग करके अच्छी तरह धो लें. इसके बाद पत्तों को बारीक काट लें और पानी सुखा दें. अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके मेथी को 2-3 मिनट तक भूनें, ताकि उसका कच्चापन निकल जाए. ध्यान रखें कि मेथी में ज्यादा पानी न रहे, वरना बाइट्स बनाते समय मिश्रण चिपचिपा हो सकता है.

आलू और चीज से तैयार करें मिश्रण
एक बड़े बर्तन में उबले आलू मैश कर लें. इसमें भुनी हुई मेथी, अदरक का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब कॉर्नफ्लोर और ब्रेड क्रम्ब्स डालें, ताकि मिश्रण आसानी से आकार ले सके.

इस मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. हर लोई के बीच में थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज रखें और इसे बंद करके गोल या टिक्की जैसा आकार दे दें. ध्यान रखें कि चीज बाहर न निकले.

ऐसे तलें चीज मेथी बाइट्स
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल मध्यम गर्म हो जाए, तो तैयार बाइट्स को धीरे-धीरे डालें. इन्हें पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. इसके बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.

अगर आप कम तेल में बनाना चाहती हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर में भी पका सकती हैं. इसके लिए बाइट्स पर तेल लगाकर करीब 180 डिग्री सेल्सियस पर 10-15 मिनट तक पकाएं. बीच में इन्हें पलट दें और पकने के दौरान कुरकुरापन जांचती रहें.

बच्चों को ऐसे परोसें
गरमा-गरम चीज मेथी बाइट्स को टमाटर सॉस या घर की बनी हरी चटनी के साथ परोसें. चीज के स्वाद के कारण बच्चों को मेथी खाने में आसानी होती है. आप इन्हें शाम के नाश्ते या बच्चों के टिफिन में भी दे सकती हैं. बस ध्यान रखें कि स्नैक्स बहुत गर्म हों, तो बच्चों को देने से पहले थोड़ा ठंडा कर लें.

ये भी पढ़ें