मटके को साफ करने का तरीका
मटके को साफ करने का तरीका
गर्मी बढ़ते ही घरों में मटके की जरूरत पड़ती है. फ्रिज का ठंडा पानी अपनी जगह है, लेकिन मटके के पानी की जो नैचुरल ठंडक और मिट्टी की खुशबू होती है, उसका अलग ही सुकून होता है. यही वजह है कि आज भी कई घरों में गर्मियों के मौसम में मटका सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है.
लेकिन सिर्फ मटका रखना काफी नहीं है, उसे साफ और सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है. अगर समय-समय पर इसकी सफाई न की जाए, तो धूल, बैक्टीरिया और गंदगी पानी को खराब कर सकते हैं. ऐसे में कुछ आसान तरीके अपनाकर आप पूरे सीजन मटके का पानी ताजा और पीने लायक रख सकते हैं.
पहली बार के लिए ऐसे करें साफ
अगर नया मटका लाए हैं, तो उसे सीधे पानी भरकर इस्तेमाल न करें. पहले पूरे दिन उसे साफ पानी में भिगोकर रखें. इससे मटके के छोटे-छोटे छेद सेट हो जाते हैं और रिसाव की संभावना कम होती है.
इसके बाद उसे अच्छे से रगड़कर साफ करें और कुछ देर धूप में सुखा लें. ऐसा करने से मटका मजबूत भी होता है और उसमें किसी तरह की मिट्टी या धूल भी नहीं रहती.
रोजाना सफाई करना बिल्कुल न भूलें
गर्मी में पानी जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए मटके की सफाई रोज करना बहुत जरूरी है. कोशिश करें कि पुराना पानी लंबे समय तक जमा न रहने दें.
अगर पानी कई घंटों या पूरे दिन तक पड़ा रहता है, तो उसमें धूल, काई और बैक्टीरिया पनप सकते हैं. बेहतर होगा कि हर दिन मटका खाली करके उसे धो लें और फिर ताजा पानी भरें.
साबुन की जगह अपनाएं देसी तरीका
मटके की सफाई करते समय साबुन या डिटर्जेंट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, इससे मटका खराब होता है. ऐसे धोने से साबुन के केमिकल अंदर तक चले जाते हैं, जिससे पानी का स्वाद बदल सकता है.
सफाई के लिए नमक या बेकिंग सोडा सबसे अच्छा तरीका है. ये डाल कर मटके को हाथ से अच्छे से रगड़ें, इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाती है. महीने में एक बार सिरके से सफाई करने पर बदबू और बैक्टीरिया भी दूर हो जाते हैं.
सही जगह पर रखें मटका
मटके को हमेशा ठंडी और साफ जगह पर रखें. उसे ऐसी जगह न रखें जहां सीधे धूल या धूप ज्यादा आती हो. ऊपर ढक्कन जरूर रखें ताकि पानी में कीड़े या गंदगी न जाए.
इन आसान तरीकों को अपनाकर आप पूरे गर्मी के मौसम में मटके का पानी साफ, ठंडा और सेहत के लिए फायदेमंद रख सकते हैं. इससे पानी का स्वाद भी बना रहेगा और शरीर को प्राकृतिक ठंडक भी मिलती रहेगी.