Copper And Brass Utensils
Copper And Brass Utensils
क्या आपके घर में भी पूजा में इस्तेमाल होने वाले तांबे और पीतल के बर्तन अपनी चमक खो दिया है और उन पर कालापन और जिद्दी दाग जम गए हैं? कई बार लोग इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से भी इन बर्तनों को आसानी से चमकाया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
टाटरी और नमक का घोल
अगर पूजा के तांबे या पीतल के बर्तनों पर ज्यादा कालापन जमा हो गया है, तो साइट्रिक एसिड यानी टाटरी और नमक का घोल काफी असरदार साबित हो सकता है. इसके लिए एक बड़े बर्तन में इतना पानी लें कि साफ किए जाने वाले बर्तन पूरी तरह डूब जाएं. अब इसमें 1 चम्मच साइट्रिक एसिड और 1 चम्मच नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद तांबे या पीतल के बर्तनों को इस घोल में रखें. अगर बर्तन गहरे हैं, तो उनके अंदर भी यही घोल भर दें. कुछ मिनट बाद कालापन ढीला पड़ने लगेगा. जहां दाग ज्यादा हों, वहां मुलायम कपड़े या स्पंज से हल्के हाथों से साफ करें. आखिर में साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ दें.
नमक और नींबू
नींबू और नमक का तरीका वर्षों से इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसके लिए एक नींबू को बीच से काट लें और कटे हुए हिस्से पर थोड़ा नमक लगा दें. अब इसे बर्तन की सतह पर हल्के हाथों से रगड़ें. करीब 5 से 10 मिनट बाद बर्तन को साफ पानी से धो लें. इसके बाद हल्के डिशवॉश लिक्विड से साफ करके सूखे कपड़े से पोंछ दें. नींबू में मौजूद प्राकृतिक अम्ल और नमक मिलकर ऑक्साइड की परत हटाने में मदद करते हैं, जिससे बर्तन फिर से चमकने लगते हैं.
बेकिंग सोडा और सिरके का पेस्ट
बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का पेस्ट भी पूजा के बर्तनों की सफाई के लिए अच्छा विकल्प है. इसके लिए 1 से 2 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा-सा सफेद सिरका मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को बर्तनों पर लगाकर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद मुलायम कपड़े या स्पंज से धीरे-धीरे साफ करें. आखिर में साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा दें. ध्यान रखें कि सिरके की मात्रा जरूरत से ज्यादा न हो और पेस्ट को लंबे समय तक बर्तनों पर लगा न रहने दें. इससे बर्तनों की चमक बनी रहती है और उनकी सतह को नुकसान भी नहीं पहुंचता.
ये भी पढ़ें: