Flying Insects
Flying Insects
मानसून का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इस दौरान घर में छोटे-छोटे कीड़ों की परेशानी बढ़ जाती है. शाम होते ही लाइट के आसपास मच्छर, छोटी मक्खियां और दूसरे उड़ने वाले कीड़े मंडराने लगते हैं. कई बार ये कीड़े घर के अंदर भी पहुंच जाते हैं और खाने-पीने की चीजों पर बैठकर गंदगी के साथ बीमारियों का खतरा बढ़ा सकते हैं. हालांकि, कुछ आसान उपायों की मदद से इनकी परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
ऐसी लाइट का इस्तेमाल करें
उड़ने वाले कीड़े रात के समय तेज रोशनी की ओर आकर्षित होते हैं. खासकर तेज सफेद रोशनी के आसपास इनकी संख्या ज्यादा दिखाई दे सकती है. ऐसे में बालकनी, दरवाजे या गार्डन में कम UV वाली LED लाइट लगाना बेहतर विकल्प हो सकता है. इसके अलावा, बाहर की जगहों पर वॉर्म या पीली रोशनी वाली LED का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
नेचुरल रिपेलेंट आजमाएं
कुछ पौधों और एसेंशियल ऑयल की तेज खुशबू कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. लैवेंडर, पेपरमिंट, सिट्रोनेला और यूकेलिप्टस जैसे ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है. इन्हें इस्तेमाल करने से पहले लेबल के निर्देश जरूर पढ़ें और त्वचा या पालतू जानवरों के संपर्क से बचाएं. बालकनी या गार्डन में तुलसी, रोजमेरी और लेमनग्रास जैसे पौधे लगाना भी एक आसान विकल्प है.
पानी जमा न होने दें
मानसून में घर के आसपास पानी जमा न होने दें. गमलों की प्लेट, बाल्टी, कूलर और पुराने डिब्बों में जमा पानी मच्छरों के लिए पनपने की जगह बन सकता है. इसलिए इन्हें नियमित रूप से खाली और साफ करते रहें.
खिड़की-दरवाजों के गैप करें सील
खिड़की, दरवाजे, दीवार या छत में छोटे गैप दिखाई दें तो उन्हें सील कर दें. साथ ही लाइट, खिड़की और आसपास की जगह को साफ रखें. इन आसान उपायों से मानसून में घर को साफ रखने के साथ कीड़ों की परेशानी भी कम की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: