scorecardresearch

पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, बोली- दरोगा को बुलाओ, तभी उतरूंगी... 2 घंटे तक पुलिस करती रही ड्रामा!

प्रयागराज में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में बनी पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा

Advertisement
Prayagraj viral news Prayagraj viral news

संगम नगरी प्रयागराज में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में बनी पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई. करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा. महिला ने एक पुलिस दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे मौके पर बुलाने की मांग की. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

दरअसल, मामला प्रयागराज के नवाब यूसुफ रोड स्थित रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय का है. गुरुवार शाम करीब चार बजे 45 वर्षीय महिला पानी की टंकी पर चढ़ गईं. सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस, आरपीएफ और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. रेलवे परिसर होने की वजह से सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई. एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल और चौकी प्रभारी नगर निगम दिग्विजय सिंह ने महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया.

शादी का झांसा देकर संबंध
महिला की मांग थी कि सराय ममरेज थाने में तैनात दरोगा संजय यादव को मौके पर बुलाया जाए. महिला का कहना है कि उसने वर्ष 2025 में मुट्ठीगंज थाने में दरोगा संजय यादव के खिलाफ शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में पुलिस चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है. महिला ने आरोप लगाया कि मई 2025 से उसके कमरे की बिजली कटवा दी गई है. उसका यह भी कहना है कि दरोगा संजय यादव उसके क्लीनिक पर गए थे और उसे अपनाया था. महिला ने मांग की कि दरोगा उसे दोबारा अपने साथ रखें, उसके रहने और खाने की व्यवस्था करें तथा समाज में उसका सम्मान वापस दिलाएं. महिला ने यह भी कहा कि वह वर्ष 2014 से अपने पति से अलग रह रही है और अब संजय यादव को ही अपना पति मानकर जीवन बिताना चाहती है. साथ ही उसने अपनी मांगें पूरी न होने पर अनुचित कदम उठाने की धमकी भी दी.

करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों और महिला कांस्टेबलों की लगातार बातचीत के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई. इसके बाद उसे काउंसलिंग के लिए सिविल लाइंस थाने ले जाया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है. फिलहाल महिला सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, पहले से दर्ज मुकदमे और लगाए गए आरोपों को लेकर भी पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है. फिलहाल महिला पुलिस उसे सिविल लाइन थाने काउंसलिंग के लिए ले गई है.

ये भी पढ़ें: