Slipper marks
Slipper marks
गर्मियों की कड़क धूप में सैंडल या चप्पल पहनकर बाहर निकलना आम बात है, लेकिन इसके साथ पैरों पर टैनिंग और स्ट्रैप के निशान भी पड़ जाते हैं. कई बार पैर का ऊपरी हिस्सा काला पड़ जाता है और चप्पल की पट्टी वाली जगह साफ नजर आती है, जिससे टैनिंग की लाइनें बहुत स्पष्ट दिखती हैं. अगर आपके पैरों पर भी ऐसे जिद्दी निशान पड़ गए हैं, तो घर में मौजूद आलू से बना आसान मास्क आपकी मदद कर सकता है.
आलू का रस क्यों है असरदार
आलू का रस लंबे समय से त्वचा की रंगत निखारने और टैनिंग हल्की करने के घरेलू उपायों में इस्तेमाल होता रहा है. इसमें प्राकृतिक एंजाइम, स्टार्च और ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ रंगत को साफ करने में मदद कर सकते हैं. खासतौर पर धूप से जली या काली पड़ी त्वचा पर यह काफी सुकून देता है. नियमित इस्तेमाल से टैनिंग धीरे-धीरे हल्की पड़ने लगती है.
ऐसे बनाएं टैनिंग हटाने वाला मास्क
इस आसान लेप को बनाने के लिए एक मध्यम आकार का आलू लें और उसका रस निकाल लें. अब इसमें 1 बड़ा चम्मच दही मिलाएं. दही में मौजूद लैक्टिक एसिड डेड स्किन हटाने में मदद करता है.
इसके बाद इसमें 1 छोटा चम्मच बेसन डालें, जिससे पेस्ट थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा और हल्का एक्सफोलिएशन भी मिलेगा. अब 1 छोटा चम्मच नींबू का रस मिलाएं, जो त्वचा को ब्राइट दिखाने में मदद कर सकता है. आखिर में आधा छोटा चम्मच शहद डालें, ताकि त्वचा रूखी न हो. इन सभी चीजों को मिलाकर स्मूद पेस्ट बना लें. चाहें तो इसमें थोड़ा कॉफी पाउडर या चुटकीभर हल्दी भी मिला सकते हैं.
ऐसे करें इस्तेमाल
सबसे पहले पैरों को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करके सुखा लें. अब तैयार मास्क को खासकर टैनिंग वाली जगहों और सैंडल के निशानों पर मोटी परत में लगाएं. इसे 15 से 20 मिनट तक सूखने दें. जब मास्क पूरी तरह सूख जाए, तो उंगलियों से गोल-गोल घुमाते हुए धीरे-धीरे रगड़कर हटाएं. इससे डेड स्किन निकलने में मदद मिलेगी. इसके बाद सामान्य पानी से पैर धो लें और मॉइस्चराइजर लगा लें. हफ्ते में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
जल्दी असर के लिए ये टिप्स अपनाएं
अगर टैनिंग ज्यादा जिद्दी है, तो मास्क लगाने से पहले 5 मिनट गुनगुने पानी में पैर भिगो लें. इससे त्वचा नरम हो जाती है और लेप बेहतर तरीके से काम करता है.
रात में इसे लगाने के बाद एलोवेरा जेल या मॉइस्चराइजर लगाकर सोना भी फायदेमंद हो सकता है. ध्यान रखें, नींबू हर त्वचा पर सूट नहीं करता, इसलिए पहले पैच टेस्ट जरूर करें. बाहर निकलते समय पैरों पर भी सनस्क्रीन लगाना न भूलें, ताकि दोबारा टैनिंग जल्दी न हो.
ये भी पढ़ें