How to grow mint at home
How to grow mint at home
गर्मियों के मौसम में पुदीना न सिर्फ स्वाद बढ़ाने के काम आता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. ऐसे में अगर यह पुदीना घर पर ही ऑर्गेनिक तरीके से उगाया जाए, तो ये आपके बहुत काम आ सकता है. आप चाहें तो इसकी चटनी बना सकते हैं चाहें तो शिकंजी में इसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
कैसे तैयार करें सही मिट्टी?
पुदीना उगाने के लिए सबसे जरूरी है सही मिट्टी का चयन. चिकनी मिट्टी में पुदीना अच्छी तरह नहीं बढ़ता. पुदीना लगाने के लिए 20% कोकोपीट, 15% वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद और बाकी सामान्य मिट्टी को मिलाकर हल्की और भुरभुरी मिट्टी तैयार करनी चाहिए. रेतीली मिट्टी पुदीना उगाने के लिए सबसे बेहतर मानी जाती है.
गमला और ड्रेनेज का रखें ध्यान
पुदीना लगाने के लिए गहरा गमला जरूरी नहीं होता, बल्कि चौड़े मुंह वाला गमला ज्यादा उपयुक्त होता है. गमले के नीचे छेद होना जरूरी है, ताकि अतिरिक्त पानी आसानी से निकल सके. पानी जमा होने से कटिंग सड़ने का खतरा रहता है.
कैसे लगाएं पुदीने की कटिंग?
पुदीने की टॉप कटिंग सबसे जल्दी और आसानी से बढ़ती है. कटिंग में कम से कम दो नोड होने चाहिए. नीचे की पत्तियां हटाकर हल्का गड्ढा बनाकर कटिंग लगाएं और मिट्टी को हल्का दबा दें. कटिंग लगाने के बाद उसे सीधी धूप में न रखें, बल्कि ऐसी जगह रखें जहां हल्की या छनकर धूप आती हो.
आलू की खाद से तेजी से बढ़ेगा पुदीना
पुदीने की ग्रोथ को दोगुना करने के लिए घर पर तैयार की गई आलू की खाद बेहद असरदार साबित हो सकती है.
इसके लिए एक आलू को पीसकर एक लीटर पानी में मिलाएं और इस घोल को पौधे में डालें.
यह एक प्राकृतिक और मुफ्त ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर है, जो खासकर पुराने या सड़े हुए आलू से भी बनाया जा सकता है.
इस खाद के इस्तेमाल से पुदीना कुछ ही दिनों में घना, हरा-भरा और हेल्दी दिखने लगता है. लगभग 10-15 दिनों में इसका असर साफ दिखाई देता है.
देखभाल के जरूरी टिप्स
कटिंग लगाने के बाद हल्का पानी दें और ज्यादा पानी देने से बचें. 7-8 दिन बाद पौधे को हल्की धूप में रखा जा सकता है. पौधे को और घना बनाने के लिए समय-समय पर उसकी टॉप को हल्का काटते या पिंच करते रहें.
गर्मियों में पुदीना क्यों है फायदेमंद?
पुदीना शरीर को ठंडक देने में मदद करता है और लू से बचाव करता है. यह पाचन सुधारने, गैस और एसिडिटी कम करने में भी सहायक होता है. पुदीने का इस्तेमाल चटनी, शरबत, रायता और कई पेय पदार्थों में किया जाता है, जो गर्मियों में ताजगी देते हैं.
ये भी पढ़ें: