cinnamon
cinnamon
रसोई में रखी दालचीनी को देखकर क्या आप पक्के तौर पर कह सकते हैं कि यह असली दालचीनी ही है? अगर आपका जवाब हां है, तो जरा रुकिए. बाजार में दालचीनी जैसी दिखने वाली कैसिया भी बिकती है, जिसे पहली नजर में पहचानना आसान नहीं होता. दोनों का रंग और आकार काफी मिलता-जुलता है, खासकर जब मसाला पाउडर के रूप में हो. हालांकि, साबुत दालचीनी खरीदते समय उसकी मोटाई, परतों, बनावट और खुशबू पर ध्यान देकर आप काफी हद तक दोनों में फर्क कर सकते हैं. अगली बार बाजार से दालचीनी खरीदने जाएं, तो इन आसान तरीकों को जरूर याद रखें.
मोटाई से करें पहचान
असली दालचीनी की छाल आमतौर पर काफी पतली और नाजुक होती है. इसमें छाल की कई पतली परतें एक-दूसरे के ऊपर लिपटी हुई दिखाई देती हैं. वहीं कैसिया की छाल मोटी और सख्त होती है. अगर कोई स्टिक बहुत मोटी, भारी और कड़ी महसूस हो रही है, तो उसे खरीदने से पहले ध्यान से देखें.
परतों पर दें ध्यान
दालचीनी और कैसिया में अंतर पता करने का एक आसान तरीका इसकी परतें देखना है. असली दालचीनी में कई पतली परतें होती हैं, जो स्टिक को करीब से देखने पर साफ नजर आ सकती हैं. दूसरी तरफ कैसिया में आमतौर पर एक मोटी छाल को रोल करके स्टिक का आकार दिया जाता है. इसलिए ज्यादा बारीक परतें दिखाई दें तो वह दालचीनी होने की संभावना ज्यादा है.
छाल की बनावट भी बताएगी फर्क
कैसिया की छाल आमतौर पर ज्यादा खुरदरी, मोटी और सख्त होती है. वहीं दालचीनी पतली और नाजुक होती है. इसलिए खरीदते समय सिर्फ उसका भूरा रंग देखकर फैसला न करें. स्टिक को देखकर उसकी मोटाई और बनावट पर भी ध्यान दें.
खुशबू से भी मिल सकता है संकेत
अच्छी दालचीनी में मीठी, गर्म और मसालेदार खुशबू होती है. अगर खुशबू बेहद हल्की है या दालचीनी जैसी खास सुगंध महसूस नहीं हो रही, तो थोड़ा सावधान रहें. हालांकि, सिर्फ खुशबू के आधार पर दालचीनी और कैसिया की पक्की पहचान नहीं की जा सकती.
पाउडर की जगह साबुत दालचीनी खरीदें
अगर आप दालचीनी की गुणवत्ता खुद जांचना चाहते हैं, तो पाउडर की बजाय साबुत स्टिक खरीदना बेहतर है. पाउडर में यह पता लगाना मुश्किल होता है कि उसमें सिर्फ दालचीनी है, कैसिया है या दोनों का मिश्रण. पैकेट खरीदते समय लेबल, इंग्रीडिएंट्स और प्रोडक्ट की जानकारी जरूर पढ़ें. केवल सस्ता देखकर मसाला खरीदने से बचें.'
ये भी पढ़ें: