How To Keep Frogs Away From House
How To Keep Frogs Away From House
मानसून के मौसम में मेंढकों का घरों में आना एक आम परेशानी बन जाती है. कई बार छोटे-छोटे मेंढक दरवाजों के नीचे की खाली जगह, खुली नालियों या बगीचे की ओर से घर में घुस आते हैं. इससे गंदगी बढ़ने के साथ संक्रमण का खतरा भी रहता है. हालांकि, कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर बिना किसी महंगी या जहरीली दवा के इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
मेंढकों के आने का रास्ता रखें बंद
मेंढक अक्सर दरवाजों के नीचे बची जगह, खुली नालियों और छोटे-छोटे छेदों के जरिए घर के अंदर प्रवेश करते हैं. ऐसे में सबसे पहले इन रास्तों को बंद करना जरूरी है. दरवाजों के नीचे रबर की पट्टी या डोर सील लगवाएं. वहीं, बाथरूम और किचन की नालियों पर जालीदार ढक्कन जरूर लगाएं ताकि मेंढक अंदर न आ सकें.
नमक भी है कारगर उपाय
अगर घर के अंदर छोटे-छोटे मेंढक बार-बार आ रहे हैं, तो सादा सफेद नमक भी मददगार हो सकता है. दरवाजों की चौखट, कोनों और उन रास्तों पर नमक छिड़क दें जहां से मेंढक आने की संभावना रहती है. माना जाता है कि नमक के संपर्क में आने पर मेंढक उस जगह से दूर रहने की कोशिश करते हैं.
घर के आसपास न होने दें पानी जमा
बारिश के दौरान आंगन, गमलों के नीचे या घर के आसपास पानी जमा होने से मेंढक तेजी से आकर्षित होते हैं. इसलिए पानी जमा न होने दें. साथ ही लंबी घास और झाड़ियों की समय-समय पर सफाई करते रहें ताकि मेंढकों को छिपने की जगह न मिले.
रात में फालतू लाइट जलाने से बचें
तेज रोशनी की ओर कीड़े-मकोड़े आकर्षित होते हैं और यही मेंढकों का मुख्य भोजन होते हैं. ऐसे में घर के बाहर या बालकनी में बेवजह लाइट जलाने से मेंढक भी वहां पहुंच सकते हैं. इसलिए जरूरत न हो तो रात के समय बाहरी लाइटें बंद रखें. इससे मेंढकों के घर के आसपास आने की संभावना भी कम हो सकती है.
कॉफी पाउडर की तेज महक से भी बनाते हैं दूरी
कॉफी की तेज गंध भी मेंढकों को पसंद नहीं होती. अगर घर के आसपास या गार्डन में मेंढक ज्यादा नजर आते हैं, तो वहां थोड़ा सा कॉफी पाउडर बिखेर सकते हैं. चाहें तो कॉफी को पानी में मिलाकर स्प्रे भी तैयार किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: