How to keep Lemons Fresh for a Long Time in Summer
How to keep Lemons Fresh for a Long Time in Summer
नींबू सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है. गर्मी के मौसम में इसकी काफी मांग बढ़ जाती है. नींबू का इस्तेमाल नींबू पानी, शरबत, सलाद और कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. गर्मी के मौसम में नींबू जल्दी सूख जाते हैं और उनमें फफूंदी लग जाती है, जिससे वे तेजी से सड़ने लगते हैं. ऐसे में इन्हें लंबे समय तक ताजा और रसदार बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है. हम आपको नींबू को स्टोरेज करने के कुछ ऐसे तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप दो-चार दिन नहीं बल्कि कई दिनों तक नींबू को सूखने से बचा सकते हैं.
1. नींबू को फ्रिज में रखें: नींबू को फ्रिज में रखने से उनका निर्जलीकरण धीमा हो जाता है और उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है. आप नींबू को फ्रिज में रखकर कई दिनों तक इसे ताजा रख सकते हैं. नींबू को फ्रिज में रखने से पहले सुनिश्चित करें कि वे पूरी तरह से सूखे हों. अधिक नमी से फफूंद लग सकती है.
2. फ्रिज में खुला न रखें नींबू: यदि आप फ्रिज में नींबू रख रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि इसे खुला नहीं रखना है. नींबू को फ्रिज में खुला रखने से इसकी नमी जल्दी समाप्त हो जाती है और नींबू सिकुड़ने लगते हैं. नींबू को एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में रखकर ही फ्रिज में रखना चाहिए. ऐसा करने से नींबू तक बाहर की सूखी हवा नहीं पहुंच पाती है और लेमन अधिक समय तक रसीले और फ्रेश रहते हैं.
3. पानी में रखें नींबू: यदि आप नींबू को लंबे समय तक ताजा रखना चाह रहे हैं तो इन्हें पानी में डालकर रखें. इसके लिए एक कांच या प्लास्टिक के जार में पानी भरें और उसमें नींबू डालकर फ्रिज में रख दें. आपको मालूम हो कि पानी नींबू को सूखने से बचाता है. नींबू का छिलका मुलायम रहता है. दो से तीन दिन में पानी बदलते रहें ताकि बैक्टीरिया न पनप सके.
4. पेपर टॉवल या अखबार में लपेटकर रखें नींबू: यदि आप बिना फ्रिज के नींबू को लंबे समय तक फ्रेश रखना चाह रहे हैं तो इन्हें पेपर टॉवल या अखबार के टुकड़ों में अलग-अलग लपेटकर किसी ठंडी जगह पर रखें. कागज अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और नींबू को सड़ने या फफूंदी लगने से बचाता है.
5. नमक लगाकर रखें: यदि आपने नींबू को आधा इस्तेमाल किया है तो बचे हुए नींबू को खराब होने से बचाने के लिए उस पर थोड़ा सा नमक लगा दें. इसके बाद उसे प्लेट में उल्टा रख दें या छोटे एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रखें. ऐसा करने से कटा हुआ नींबू भी दो से तीन दिन तक ताजा रहता है.
6. सीधी धूप से बचाएं: नींबू को सीधी धूप से दूर रखें क्योंकि धूप के संपर्क में आने से नींबू के सूखने की प्रक्रिया तेज हो सकती है और नींबू खराब हो सकते हैं. नींबू को रखने के लिए ऐसी जगह का चुनाव करें जहां ठंडक और हल्की हवा बनी रहती है.
7. नारियल या रिफाइंड तेल: यदि आप नींबू को अधिक समय तक ताजा रखना चाहते हैं तो उस पर हल्का सा नारियल या रिफाइंड तेल लगा दें. तेल की पतली परत नींबू की सतह को सील कर देती है जिससे अंदर की नमी बरकरार रहती है और नींबू जल्दी सूखते नहीं हैं.
8. साबुत नींबू सुरक्षित रखें: नींबू को तब तक साबुत रखें जब तक आप उनका उपयोग करने के लिए तैयार न हों. कटे-फटे या रस निकाले हुए नींबू जल्दी सूख जाते हैं.