Milk Cake Recipe
Milk Cake Recipe
दिवाली हो और घर में मिठाई न बने, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. त्योहार के मौके पर मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है और दिवाली में मुंह मीठा करने का रिवाज है. इस बार आप भी बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर ही 10 मिनट में मिठाई बना सकती है. अगर कम समय में सब की पसंदीदा मिठाई बनाना चाहते हैं, तो मिल्क केक की यह आसान रेसिपी ट्राई कर सकती हैं. इसे बनाने में कम समय तो लगता ही है और तो और झंझट भी नहीं है. इसे बनाने में सामान भी कम लगता है. दूध से बनने वाली यह मिठाई दिवाली पर घर आए मेहमानों को परोसेंगी तो वह खाकर तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे.
मिल्क केक बनाने के लिए आपको चाहिए-
घर पर मिल्क केक बनाने के लिए आपको कुछ सामान्य चीजें चाहिए. इसमें दूध, मिल्क पाउडर, चीनी और थोड़ा-सी घी की जरूरत पड़ेगी. स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर और सजावट के लिए कटे हुए बादाम और पिस्ता ले सकती हैं.
सबसे पहले तैयार करें मिश्रण
एक पैन में थोड़ा घी लगाकर उसमें दूध और मिल्क पाउडर डालें. इसे अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गांठें न बनें. अब इसमें स्वाद के हिसाब से चीनी डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण पैन के तले में चिपके नहीं. जब यह गाढ़ा होने लगे, तो इसमें थोड़ा इलायची पाउडर मिला दें.
मिल्क केक ऐसे बनाएं-
जब मिश्रण गाढ़ा होकर पैन छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब एक छोटी प्लेट या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर मिश्रण को फैला दें. चम्मच की मदद से इसकी ऊपरी सतह बराबर कर लें. ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालें. इसे कुछ देर ठंडा होने दें, ताकि मिश्रण सेट हो जाए. इसके बाद मनचाहे आकार में टुकड़े काट लें. दिवाली पर घर में बनी मिठाई परोसने का अपना ही मजा है. इस आसान तरीके से आप कम समय में मिल्क केक तैयार कर सकती हैं और मेहमानों को कुछ मीठा खिलाकर त्योहार की खुशियां बढ़ा सकती हैं.
ये भी पढ़ें