Sattu Bhaat
Sattu Bhaat
भारत के पूर्वी हिस्से के बिहार राज्य की रसोई अपनी डिश के लिए खास है. यह रसोई अपने सिंपल, हेल्दी और देसी स्वाद के लिए जानी जाती हैं. इन्हीं डिश में से एक है सत्तू भात, जो न सिर्फ खाने में टेस्टी है बल्कि सेहत के लिहाज़ से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह एक ऐसा खाना है जो खासकर गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और लंबे समय तक एनर्जी देता है.
सत्तू भात दरअसल उबले हुए चावल (भात) और मसालेदार सत्तू को मिलाकर बनाया जाता है. यह डिश हल्की होने के बावजूद पेट को अच्छी तरह से भर देती है. इसमें प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो डाइजेशन को बेहतर बनाते हैं और शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. इसे अक्सर हरी चटनी, कच्चे प्याज़ या हरी मिर्च के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
किस तरह होगा सत्तू भात तैयार
इस ट्रेडिशनल डिश को बनाने के लिए आपको पके हुए चावल, सत्तू, बारीक कटा प्याज़, लहसुन, हरी मिर्च, ताज़ा धनिया, सरसों का तेल, नमक और थोड़ा पानी चाहिए होगा. सबसे पहले चावल को पकाकर थोड़ा ठंडा होने दें. दूसरी ओर, एक बर्तन में सत्तू लें और उसमें प्याज़, लहसुन, हरी मिर्च और धनिया मिलाएं. इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा पानी डालकर मुलायम मिक्सचर तैयार करें. आखिर में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं और चाहें तो हल्का सा नींबू रस भी डाल सकते हैं.
किस तरह से खाई जाती है डिश
सत्तू के इस मसालेदार मिक्सचर को आप चावल के साथ मिलाकर या अलग-अलग खा सकते हैं. कुछ लोग इसे चावल में अच्छे से मिलाकर खाते हैं, जबकि कुछ इसे थोड़ा सत्तू थोड़ा चावल के साथ अलग-अलग स्वाद लेकर खाते हैं. दोनों ही तरीके अपने-अपने अंदाज़ में लाजवाब हैं.
खास स्वाद के लिए खास टिप
इस डिश का असली स्वाद सरसों के तेल से आता है, इसलिए इसे जरूर डालना चाहिए. ताज़े कटे प्याज़ और हरी मिर्च इसका स्वाद और बढ़ाते हैं. ध्यान रखें कि सत्तू मिक्सचर को न बहुत सूखा रखें और न ही बहुत पतला, बल्कि हल्का नम बना रहे.
सेहत के लिए फायदेमंद कैसे?
सत्तू भात शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ डाइजेशन को अच्छा रखता है. यह तुरंत एनर्जी मिलती है. साथ ही इसे कम बजट में तैयार किया जा सकता है. यह डिश बेशक सुनने में काफी सिंपल लगती है, लेकिन यह बिहार की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है. यह उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है जो कम पैसो में जल्दी से फटाफट कुछ टेस्टी और हेल्दी खाना चाहते हैं.