Eggless Simple Cake Recipe
Eggless Simple Cake Recipe
अक्सर लोगों को लगता है कि केक बनाने के लिए ओवन की जरूरत होती है. कई लोग सिर्फ इसी वजह से ही केक घर पर नहीं बनाते हैं. लेकिन सच यह है कि आप बिना ओवन के भी घर में कुकर की मदद से सॉफ्ट और स्पॉन्जी केक बना सकते हैं. अगर घर में केले ज्यादा पक गए हैं और उन्हें इस्तेमाल करना चाहते हैं तो बनाना केक एक अच्छा ऑप्शन है. इसे बनाना भी आसान है और इसका स्वाद एकदम मार्केट जैसा आता है.
बनाना केक बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
2 पके हुए केले
1 कप मैदा
आधा कप चीनी पाउडर
आधा कप दूध
1/4 कप तेल या पिघला हुआ बटर
1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
1/2 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
चुटकी भर नमक
ड्राई फ्रूट्स (ऑप्शनल)
कुकर में केक कैसे बनाते हैं?
सबसे पहले कुकर के अंदर 1 से 2 कप नमक या रेत डाल दें और उसके ऊपर एक स्टैंड या कटोरी रख दें. इसके बाद कुकर को ढक्कन लगाकर बिना सीटी के 10 मिनट तक प्रीहीट कर लें.
ध्यान रखें कि कुकर में रबर और सीटी नहीं लगाई जाती, ताकि केक आराम से बेक हो सके.
ऐसे तैयार करें केक का बैटर
एक बाउल में पके हुए केले को अच्छे से मैश कर लें. अब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें.
इसके बाद दूध, तेल या बटर और वनीला एसेंस डालकर मिश्रण को अच्छी तरह फेंट लें.
दूसरे बाउल में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक को छान लें. अब इस सूखे मिश्रण को धीरे-धीरे केले वाले मिश्रण में मिलाते जाएं.
ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा गाढ़ा या बहुत पतला न हो. आखिर में इसमें ड्राई फ्रूट्स डाल सकते हैं.
कुकर में ऐसे बेक करें केक
अब केक टिन या किसी स्टील के बर्तन को हल्का सा तेल लगाकर ग्रीस कर लें और उसमें बैटर डाल दें. इस बर्तन को कुकर के अंदर रख दें और ढक्कन बंद कर दें.
मध्यम आंच पर करीब 35 से 40 मिनट तक केक को बेक होने दें. बीच-बीच में ढक्कन न खोलें. 35 मिनट बाद टूथपिक डालकर चेक करें. अगर टूथपिक साफ निकलती है तो केक तैयार है.
ठंडा होने के बाद सर्व करें केक
केक को कुकर से निकालकर 10 से 15 मिनट तक ठंडा होने दें. इसके बाद चाकू की मदद से किनारों को अलग करके प्लेट में निकाल लें. आपका सॉफ्ट और टेस्टी बनाना केक तैयार है.