Besan Chilla
Besan Chilla
ऑफिस की भागदौड़ और बच्चों के टिफिन की टेंशन में हर किसी को ऐसा कुछ बनाना होता है जो झटपट बी बन जाए और हेल्दी भी हो. ऐसे में बेसन का चीला सबसे पहले दिमाग में आता है. लेकिन अक्सर बेसन का चीला बाजार जैसा क्रिस्पी नहीं बन पाता. अगर आप भी सोचते हैं कि हलवाई जैसा कुरकुरा बेसन चीला घर पर कैसे बने, तो यहां जानिए घोल तैयार करने से लेकर पकाने तक, हर जरूरी स्टेप.
बेसन का चीला कुरकुरा बनाने का सीक्रेट
बेसन चीला कुरकुरा तभी बनता है जब उसका घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. कई लोग जल्दबाजी में पानी ज्यादा डाल देते हैं, जिससे चीला पतला और मुलायम रह जाता है. एक कप बेसन में धीरे-धीरे पानी मिलाएं और ऐसा घोल तैयार करें जो गिराने पर आसानी से फैले, लेकिन पानी जैसा पतला न हो. घोल में गांठें बिल्कुल न रहें. इसके लिए आप व्हिस्क या चम्मच से 2-3 मिनट अच्छी तरह फेंटें. इससे घोल में हल्की हवा भरती है और टेक्सचर बेहतर बनता है.
अगर आप चाहते हैं कि चीला बाहर से क्रिस्पी और अंदर से हल्का रहे, तो घोल में 1-2 चम्मच सूजी या चावल का आटा मिला सकते हैं. इससे चीले की बाहरी परत ज्यादा कुरकुरी बनती है.
इसके अलावा बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, शिमला मिर्च और थोड़ा सा हरा धनिया मिलाएं.
स्वाद के लिए नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा अजवाइन जरूर डालें. अजवाइन से स्वाद के साथ पाचन भी बेहतर होता है.
अक्सर चीला इसलिए भी सही नहीं बनता क्योंकि तवा ठीक से गरम नहीं होता. पहले तवे को मध्यम आंच पर अच्छी तरह गरम करें.
अगर तवा बहुत ठंडा होगा तो घोल चिपक जाएगा, और अगर बहुत ज्यादा गरम होगा तो चीला फैल नहीं पाएगा.
हल्का सा तेल लगाकर तवे पर घोल डालें और गोल आकार में फैलाएं. ध्यान रखें कि बहुत मोटा चीला न बनाएं. पतला फैलाने से वह ज्यादा कुरकुरा बनेगा.
किनारों पर थोड़ा-सा तेल डालें और मध्यम आंच पर पकने दें. जब नीचे की परत सुनहरी और हल्की ब्राउन दिखने लगे, तभी पलटें.
अगर आप क्रिस्पी टेक्सचर चाहते हैं, तो चीले को दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकने के बाद 30-40 सेकंड और तवे पर रहने दें. इसे हल्के हाथ से दबाते हुए सेंकें.
ये भी पढ़ें