curry plant bushy
curry plant bushy
फरवरी खत्म होते-होते सर्दी कम होने लगती है. धूप खिलने लगती है और पौधों में नई कोंपलें आने लगती हैं. ये समय पौधों की ग्रोथ के लिए बेहद अहम माना जाता है. अगर इस मौसम में थोड़ी सी खास देखभाल कर ली जाए, तो गर्मियों में पौधे फूल और पत्तियों से लद जाते हैं. खासकर अगर आपके घर में करी पत्ते का पौधा है और आप चाहते हैं कि वह जंगल जैसा घना और हरा-भरा हो जाए, तो फरवरी खत्म होने से पहले ये सफेद घोल जरूर डाल दें.
क्या है ये सफेद घोल?
ये सफेद घोल है दही. 3-4 चम्मच खट्टी दही लें. इसे अच्छी तरह फेंट लें. अब इसे एक मग पानी में मिलाकर घोल तैयार करें. इस मिश्रण को रात भर ढककर छोड़ दें. अगले दिन दोपहर में, करी पत्ते के पौधे की हल्की गुड़ाई करने के बाद जड़ों में यह घोल डाल दें. ध्यान रखें कि घोल डालने से पहले मिट्टी को थोड़ा ढीला जरूर कर लें ताकि पोषक तत्व जड़ों तक आसानी से पहुंच सकें.
क्यों फायदेमंद है खट्टी दही का घोल?
खट्टी दही में प्राकृतिक बैक्टीरिया और पोषक तत्व होते हैं, जो मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में मदद करते हैं.
1. मिट्टी को बनाता है उपजाऊ
दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया मिट्टी में माइक्रोबियल एक्टिविटी बढ़ाते हैं. इससे पौधे को पोषण बेहतर तरीके से मिलता है.
2. जड़ों को करता है मजबूत
यह घोल जड़ों की ग्रोथ बढ़ाता है, जिससे पौधा तेजी से फैलता है और नई शाखाएं निकलती हैं.
3. पत्तियों की हरियाली बढ़ाता है
नियमित रूप से महीने में एक बार यह घोल देने से पत्तियां गहरी हरी और घनी होने लगती हैं.
4. कीटों से सुरक्षा
दही में मौजूद प्राकृतिक तत्व मिट्टी में हानिकारक फंगस और कीटों की संभावना कम करते हैं.
इस मौसम में छंटाई जरूर करें
फरवरी-मार्च का समय करी पत्ते के पौधे की छंटाई के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. अगर आप चाहते हैं कि पौधा ऊपर की बजाय चारों तरफ फैले और झाड़ीदार बने, तो उसकी टॉप कटिंग जरूर करें. ऊपर की लंबी बढ़ी हुई टहनी को हल्का काट दें. सूखी और कमजोर टहनियों को हटा दें. अंदर की तरफ बढ़ रही टहनियों को भी साफ करें. छंटाई करने से पौधे में नई साइड ब्रांच निकलती हैं और वह ज्यादा घना बनता है.
नया करी पत्ता प्लांट लगा रहे हैं? इन बातों का रखें ध्यान
1. सही गमला चुनें
करी पत्ते का पौधा गहराई में जड़ें फैलाता है, इसलिए कम से कम 12-14 इंच गहरा गमला लें.
2. मिट्टी का सही मिश्रण
बगीचे की मिट्टी, गोबर की सड़ी खाद और रेत को बराबर मात्रा में मिलाकर इस्तेमाल करें. मिट्टी में पानी रुकना नहीं चाहिए.
3. धूप जरूरी है
करी पत्ते के पौधे को रोज कम से कम 5-6 घंटे की सीधी धूप चाहिए. कम धूप में इसकी ग्रोथ रुक जाती है.
4. ज्यादा पानी से बचें
मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें. ज्यादा पानी से करी प्लांट की जड़ें सड़ सकती हैं.
कब और कितनी बार डालें ये घोल?
खट्टी दही का यह सफेद घोल महीने में एक बार डालना काफी है. लगातार ज्यादा मात्रा में देने से मिट्टी बहुत ज्यादा नम हो सकती है, इसलिए संतुलन बनाए रखें. अगर आप फरवरी खत्म होने से पहले यह देसी उपाय अपना लेते हैं और समय पर छंटाई कर देते हैं, तो गर्मी आते-आते आपका करी पत्ते का पौधा सच में जंगल जैसा घना और भरपूर हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: