scorecardresearch

जानें दही पकोड़ा बनाने का आसान तरीका, 5 मिनट में आसानी से बनकर हो जाएगा तैयार

यह दही पकोड़ा खाने में ठंडक देता है और गर्मियों में खासतौर पर बहुत पसंद किया जाता है. कम समय में बनने वाली यह डिश मेहमानों के लिए भी एक बढ़िया ऑप्शन है. एक बार इस तरीके से बनाकर देखिए, खाने का मजा सच में दोगुना हो जाएगा.

Dahi Pakoda recipe Dahi Pakoda recipe

गर्मियों के मौसम में अगर खाने के साथ कुछ ठंडा, स्वादिष्ट और झटपट बनने वाला चाहिए, तो दही पकोड़ा से बेहतर शायद ही कुछ होगा. यह ऐसी डिश है जो कम समय में तैयार हो जाती है और खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. खास बात यह है कि अगर पकोड़े पहले से बने हों, तो इसे केवल 5 मिनट में बना कर आसानी से तैयार किया जा सकता है.

दही पकोड़ा बनाने के लिए जरूरी सामान
इस स्वादिष्ट डिश के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही यह आसानी से बन जाएगा.
1 कप बेसन
आधा छोटा चम्मच नमक
आधा छोटा चम्मच हल्दी
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
1 कप दही
स्वादानुसार काला नमक
हरी चटनी और इमली की चटनी
तलने के लिए रिफाइंड ऑयल
थोड़ा सा हरा धनिया बारीक कटा

पकोड़ा बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक बाउल में बेसन लें. इसमें नमक, हल्दी और थोड़ी सा लाल मिर्च पाउडर डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न बहुत ज्यादा गाढ़ा.
अब कड़ाई में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए, तो छोटे-छोटे पकोड़े डालकर सुनहरा होने तक तल लें.

अगर आपके पास पहले से बने पकोड़े हैं, तो यह स्टेप और भी आसान हो जाएगा और डिश सच में 5 मिनट में तैयार हो जाएगी.

दही तैयार करने का तरीका
एक अलग बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह बिल्कुल स्मूद हो जाए. अब इसमें स्वादानुसार नमक, काला नमक और थोड़ा भुना जीरा पाउडर मिला दें.

अगर दही बहुत गाढ़ा लगे, तो उसमें थोड़ा सा ठंडा पानी डाल कर मिला लें. इससे दही पकोड़ा खाने में और भी अच्छा लगेगा.

ऐसे करें सर्व
तले हुए पकोड़ों को 1-2 मिनट हल्के गुनगुने पानी में भिगो दें, फिर हाथ से निचोड़ लें. अब इन्हें फेंटे हुए दही में डाल दें. ऊपर से हरी चटनी, इमली की चटनी, भुना जीरा और लाल मिर्च पाउडर डालकर सजाएं. ऊपर से हरा धनिया डाल दें. इससे दही-पकोड़ों का स्वाद दोगुना हो जाएगा.
 
ये भी पढ़ें