scorecardresearch

Dahi Bhindi Recipe: एक बार इस स्टाइल से बनाकर देखें भिंडी...दो की जगह चार रोटी खा जाएंगे, बनाने में भी है आसान

Dahi Bhindi Recipe: अगर आप रोज की सब्जियों में कुछ नया स्वाद चाहते हैं, तो दही भिंडी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. बच्चे हो या बूढ़े सभी इसे मांगकर खाएंगे.

Dahi Bhindi Recipe Dahi Bhindi Recipe
हाइलाइट्स
  • रोज की सब्जी से अलग ट्राई करें ये टेस्टी डिश

  • रोटी और पराठे के साथ लगेगी बेहद स्वादिष्ट

भिंडी कई लोगों की पसंदीदा सब्जी होती है तो वहीं कई लोगों को इसका स्वाद पसंद नहीं आता है.. आमतौर पर लोग इसे सूखी भिंडी, मसाला भिंडी या भरवां भिंडी के रूप में बनाते हैं लेकिन अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की भिंडी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार दही भिंडी ट्राई कर सकते हैं.

खास बात यह है कि यह रेसिपी ज्यादा मुश्किल भी नहीं है और घर पर आसानी से 15 से 20 मिनट में बनाई जा सकती है. आइए जानते हैं दही भिंडी बनाने की आसान रेसिपी.

सबसे पहले भिंडी को हल्का फ्राई करें
दही भिंडी बनाने के लिए सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धो लें और सूखने के बाद उसे मध्यम आकार में काट लें.

अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें कटी हुई भिंडी डाल दें. ऊपर से थोड़ा नमक डालकर भिंडी को हल्का फ्राई कर लें. जब भिंडी थोड़ी नरम और हल्की कुरकुरी हो जाए तो उसे अलग निकालकर रख दें.

मसाला तैयार करने का तरीका
अब उसी कड़ाही में दो चम्मच तेल डालें और हल्का गर्म होने दें. इसमें आधा चम्मच जीरा डालकर तड़कने दें. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें.

जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ सेकंड तक पकाएं. अब इसमें टमाटर का पेस्ट डालकर करीब 5 मिनट तक भूनें, ताकि मसाला अच्छी तरह पक जाए.

दही का मसाला कैसे तैयार करें

  • अब एक कटोरी में 4 चम्मच दही लें. इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, आमचूर पाउडर और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे एक स्मूद मसाला पेस्ट तैयार हो जाएगा.

  • अब इस दही वाले मसाले को कड़ाही में डालें. ध्यान रखें कि इस समय गैस की आंच धीमी होनी चाहिए, क्योंकि तेज आंच पर दही फट सकती है.

  • दही का मसाला डालने के बाद कड़ाही को ढककर लगभग 5 से 7 मिनट तक पकने दें. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए और तेल छोड़ने लगे, तब इसमें पहले से फ्राई की हुई भिंडी डाल दें.

  • अब स्वादानुसार नमक डालकर सब्जी को अच्छी तरह मिला लें और फिर ढककर करीब 5 मिनट तक और पकाएं, ताकि भिंडी मसाले के साथ अच्छी तरह मिल जाए.

  • जब सब्जी अच्छी तरह पक जाए तो गैस बंद कर दें. आपकी टेस्टी दही भिंडी तैयार है. आप इसे गर्मागर्म रोटी, पराठा या चावल के साथ सर्व कर सकते हैं. अगर आप रोज की सब्जियों में कुछ नया स्वाद चाहते हैं, तो दही भिंडी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. बच्चे हो या बूढ़े सभी इसे मांगकर खाएंगे.