scorecardresearch

How to Stop Milk from Boiling Over: दूध उफनकर गैस पर गिर जाता है? ये 5 तरीके अपना लेंगे तो सारी टेंशन दूर हो जाएगी

दूध के उबलकर बाहर आने की वजह उसकी संरचना होती है. दूध में मौजूद प्रोटीन, फैट और पानी गर्म होने पर ऊपर एक पतली परत बना लेते हैं. जब नीचे से भाप बनती है तो यह परत उसे बाहर निकलने नहीं देती और अचानक दूध ऊपर उठकर बर्तन से बाहर आ जाता है.

Milk from Boiling Over Milk from Boiling Over
हाइलाइट्स
  • बर्तन पर लकड़ी का चम्मच रखें

  • क्यों उबलकर बाहर आता है दूध?

भारतीय रसोई में दूध उबालना रोजमर्रा का काम है, लेकिन अक्सर दूध उबलते समय अचानक ऊपर आकर बर्तन से बाहर गिर जाता है. इससे न सिर्फ गैस और किचन गंदा हो जाता है, बल्कि दूध भी बर्बाद होता है. कई बार दूध उबलते समय ध्यान दूसरी चीजों में चला जाता है और पल भर में पूरा दूध गैस पर फैल जाता है.

आखिर दूध उबलकर क्यों गिर जाता है?
दरअसल दूध के उबलकर बाहर आने की वजह उसकी संरचना होती है. दूध में मौजूद प्रोटीन, फैट और पानी गर्म होने पर ऊपर एक पतली परत बना लेते हैं. जब नीचे से भाप बनती है तो यह परत उसे बाहर निकलने नहीं देती और अचानक दूध ऊपर उठकर बर्तन से बाहर आ जाता है.

हालांकि कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर इस परेशानी से बचा जा सकता है.

1. बर्तन पर लकड़ी का चम्मच रखें
दूध उबालते समय बर्तन के ऊपर एक लकड़ी का चम्मच या स्पैचुला रख दें. जब दूध ऊपर उठने लगता है तो यह चम्मच झाग को टूटने में मदद करता है और दूध को बाहर गिरने से रोकता है. यह सबसे आसान और आम किचन ट्रिक मानी जाती है.

2. धीमी आंच पर दूध उबालें
अक्सर लोग जल्दी में दूध को तेज आंच पर उबालते हैं. तेज आंच पर दूध तेजी से गर्म होता है और अचानक ऊपर आ जाता है. अगर दूध को धीमी या मध्यम आंच पर उबाला जाए तो तापमान धीरे-धीरे बढ़ता है और दूध के उबलकर बाहर आने की संभावना कम हो जाती है.

3. बड़े बर्तन का इस्तेमाल करें
अगर बर्तन छोटा है और उसमें दूध ज्यादा भरा हुआ है, तो उबलते समय उसके बाहर गिरने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए दूध उबालते समय हमेशा थोड़ा बड़ा बर्तन इस्तेमाल करें ताकि जगह रहे.

4. बर्तन के किनारे पर थोड़ा मक्खन या घी लगाएं
एक और आसान ट्रिक यह है कि दूध उबालने से पहले बर्तन के ऊपरी किनारे पर हल्का सा मक्खन या घी लगा दें. इससे दूध का झाग किनारे तक आने पर फिसलकर नीचे बैठ जाता है और बाहर नहीं गिरता.

5. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें
दूध उबालते समय उसे बीच-बीच में चम्मच से हिलाते रहने से भी दूध उफनकर नहीं गिरता है. इससे ऊपर बनने वाली परत टूटती रहती है और भाप आसानी से बाहर निकल जाती है, जिससे दूध अचानक ऊपर नहीं आता.