Biryani
Biryani
बिरयानी का नाम सुनते ही खुशबूदार मसालों और खिले-खिले चावलों की तस्वीर दिमाग में आ जाती है. रेस्टोरेंट की बिरयानी में हर चावल के दाने में मसालों की महक और स्वाद बसा होता है, लेकिन घर पर अक्सर वही स्वाद नहीं आ पाता. इसकी वजह चावल पकाने का तरीका होता है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी बिरयानी में भी रेस्टोरेंट जैसा फ्लेवर आए और चावल का हर दाना अलग-अलग व खिला हुआ बने, तो बिरयानी बनाते समय चावल पकाने के तरीके पर ध्यान देना जरूरी है.
चावल पकाते समय डालें खास मसाले
बिरयानी के चावल में मसालों की खुशबू और स्वाद भरने के लिए जरूरी है कि उन्हें पकाते समय ही कुछ खास मसालों का इस्तेमाल किया जाए. जब आप चावल उबालने के लिए पानी गर्म करें, तो उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. इसके साथ ही कुछ खड़े मसाले जैसे तेजपत्ता, जावित्री, बड़ी सौंफ, काली मिर्च, चक्रफूल, जायफल, पत्थर फूल और शाह जीरा डालें. हल्दी की थोड़ी मात्रा भी मिलाई जा सकती है.
बिरयानी के लिए चावल भिगोना जरूरी
बिरयानी बनाते समय चावल को अच्छी तरह धोकर भिगोना बेहद जरूरी माना जाता है. कई लोगों को लगता है कि चावल भिगोने से वह टूट सकते हैं, लेकिन यह सही नहीं है. सही तरीके से भिगोए गए चावल जल्दी पकते हैं और उनमें मसालों का फ्लेवर भी बेहतर तरीके से आता है. आमतौर पर चावल को लगभग 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक भिगोया जा सकता है. इससे चावल पकने के बाद ज्यादा खिले-खिले बनते हैं.
दो बैच में पकाएं चावल
बिरयानी के चावल को कई बार दो बैच में पकाया जाता है. पहले बैच में अधिक मात्रा में चावल पकाए जाते हैं और दूसरे बैच में बाकी बचे चावल. इस तरीके से चावल ठीक तरह से पकते हैं और उनका टेक्सचर भी बेहतर रहता है. इससे बिरयानी बनाते समय चावल टूटते नहीं और दाने अलग-अलग बने रहते हैं.
पहले से तैयार रखें चावल
जब भी बिरयानी बनाने की सोचें, तो चावल पकाने की तैयारी पहले ही कर लेना बेहतर होता है. आप चाहें तो चावल को थोड़ा पहले उबालकर अलग रख सकते हैं. इससे चावल अच्छी तरह पक जाते हैं और बिरयानी बनाते समय उन्हें सही तरीके से लेयर करना भी आसान हो जाता है. सही तरीके से पकाए गए चावल बिरयानी के स्वाद और खुशबू दोनों को कई गुना बढ़ा देते हैं.