scorecardresearch

बच गए हैं बासी चावल, इस तरह बनाएं हैल्थ के लिए फायदेमंद पांता भात

घर में अकसर चावल बच जाते हैं और समझ नहीं आता कि उनका क्या किया जाए. ऐसे में उन्हें फेंकने के बजाय आप उनसे एक टेस्टी और बेहद हेल्दी डिश पांता भात बना सकते हैं. यह खासतौर पर पूर्वी भारत में काफी लोकप्रिय है और गर्मियों में इसे खाने से शरीर को ठंडक मिलती है. इसका स्वाद खट्टा और बहुत ही सुकून देने वाला होता है.

पांता भात रेसिपी पांता भात रेसिपी

पांता भात दरअसल बासी चावल से बनने वाली कई राज्यों की एक पारंपरिक डिश है, जिसमें बासी चावल को पानी में भिगोकर कुछ घंटे या रातभर के लिए रखा जाता है. इस प्रक्रिया में चावल हल्का फर्मेंट हो जाता है, जिससे इसमें प्रोबायोटिक गुण आ जाते हैं. यह पाचन के लिए अच्छा होता है और शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है. नॉर्थ ईस्ट से लेकर पूर्वी यूपी तक ये डिश काफी पसंद की जाती है.

पांता भात बनाने का तरीका

  • 1 कप बचे हुए पके चावल
  • 2 से 3 कप पानी
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
  • 1 से 2 हरी मिर्च कटी हुई
  • 1 चम्मच सरसों का तेल
  • थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया
  • उबले आलू का चौखा, आलू की भुजिया या अचार आप पांता भात के साथ खा सकते हैं. 

इस तरह बनाएं
सबसे पहले बचे हुए चावल को एक बर्तन में निकाल लें. अब इसमें इतना पानी डालें कि चावल पूरी तरह डूब जाएं. इसे ढककर रातभर या कम से कम 6 से 8 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें.

इस दौरान चावल थोड़े से खट्टे हो जाते हैं, जो पांता भात का स्वाद और बढ़ा देते हैं. अगर मौसम ज्यादा गर्म है, तो कम समय में ही चावल फरमेंट हो जाते हैं. 

इस तरह बनाएं पांता भात 
सुबह जब चावल तैयार हो जाएं, तो उसमें से आधा पानी निकाल सकते हैं या अपनी पसंद के अनुसार रहने दें. अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें.

इसके बाद बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया छिड़कें. ऊपर से एक चम्मच सरसों का तेल डालें, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

अब सभी चीजों को हाथ या चम्मच से मिक्स कर लें. 

इसमें खट्टे के लिए आप चाहें तो आम का अचार या कच्चा आम भी काट कर डाल सकते हैं. 

पांता भात को आमतौर पर साइड डिश के साथ खाया जाता है. आप इसे आलू का चौखा, अचार या भुजिया के साथ परोस सकते हैं.

कुछ लोग इसे सूखी सब्जी या मछली के साथ भी खाना पसंद करते हैं. हालांकि सादा पांता भात भी उतना ही स्वादिष्ट लगता है.

सेहत के लिए भी है फायदेमंद
पांता भात में मौजूद प्रोबायोटिक गुण पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं. यह शरीर को ठंडा रखता है और गर्मियों में लू से बचाने में मदद करता है.

इसके अलावा यह हल्का होता है, जिससे पेट भारी नहीं पड़ता. जो लोग डाइजेशन की समस्या से परेशान रहते हैं, उनके पांता भात खाना फायदेमंद हो सकता है.

ध्यान रखने वाली बातें
पांता भात बनाते समय साफ पानी और बर्तन का इस्तेमाल करें. बहुत ज्यादा खट्टा हो जाने पर इसका स्वाद खराब लग सकता है, इसलिए फरमेंट होने पर ध्यान दें.

अगर चावल से अजीब गंध आने लगे, तो उसे इस्तेमाल न करें. 

अगर आप बचे हुए चावल को नए और हेल्दी तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो पांता भात जरूर ट्राई करें. यह स्वाद और सेहत के लिए सबसे अच्छा फूड है, जिसे एक बार खाने के बाद आप बार बार बनाना चाहेंगे.

 

ये भी पढ़ें