scorecardresearch

Homemade Paneer: मन है पनीर डिश खाने का.. पर डर है कहीं निकला नकली तो.. ऐसे में इन आसान स्टेप्स से घर पर तैयार करें फ्रेश पनीर

अक्सर लोगों के मन में पनीर की डिश खाने की इच्छा होती है. लेकिन डर भी होता है कि कहीं बाजार का पनीर नकली न निकल जाए. ऐसे में सबसे बेहतर है कि आप खुद ही घर पर पनीर तैयार कर लें.

AI Generated Image AI Generated Image

क्या आपका भी मन है आज पनीर खाने का... लेकिन डर है कि कही बाजार से लाया महंगा पनीर नकली निकल गया तो... खैर ये डर होना भी वाजिब है, क्योंकि बाजार में काफी नकली पनीर बिक रहा है. ऐसे में क्या करेंगे आप? लेकिन क्या हो अगर आप खुद ही घर पर ताजा पनीर तैयार करलें तो...

अगर आप भी अपनी रसोई में पनीर तैयार करना चाहते हैं, तो यह कोई मुश्किल काम नहीं. चाहे शाही पनीर, मटर पनीर, पनीर टिक्का या भुर्जी खाने हो, आप बिल्कुल बाजार जैसा ताजा, मुलायम और स्पंजी पनीर तैयार कर सकते हैं. तो चलिए बताते हैं कि कैसे इसे तैयार करना है.

किस चीज़ की है जरूरत?

पनीर बनाने के लिए 2 लीटर फुल क्रीम दूध, 2 से 3 बड़े चम्मच नींबू का रस या सफेद सिरका, थोड़ा पानी, एक साफ मलमल या सूती कपड़ा और पनीर को दबाने के लिए कोई भारी प्लेट या बर्तन चाहिए. 

क्या है फर्स्ट स्टेप?

सबसे पहले एक मोटे तले वाले बर्तन में दूध डालकर मीडियम आंच पर उबालें. बीच-बीच में दूध को चलाते रहें ताकि वह बर्तन में चिपके नहीं. जब दूध में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तब गैस की आंच धीमी कर दें.

कैसे फाड़े दूध को, जिससे पनीर हो तैयार

दूध फाड़ने के लिए नींबू के रस में थोड़ा पानी मिलाकर धीरे-धीरे उबलते दूध में डालें. साथ ही चम्मच से हल्के हाथों से चलाते रहें. कुछ ही सेकंड में दूध फट जाएगा और पानी अलग दिखाई देने लगेगा. अगर दूध पूरी तरह न फटे तो थोड़ा और नींबू का रस डाल सकते हैं. जैसे ही दूध पूरी तरह फट जाए, गैस बंद कर दें.

कैसे करें पनीर को अलग?

फटे हुए दूध को मलमल के कपड़े में छान लें. इसके बाद पनीर के ऊपर ठंडा पानी डालकर अच्छी तरह धो लें. इससे नींबू या सिरके की खटास निकल जाती है और पनीर का स्वाद बेहतर हो जाता है. फिर कपड़े को बांधकर हल्के हाथों से दबाएं ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए. 

कपड़े में बंधे पनीर को किसी समतल जगह पर रखें और उसके ऊपर कोई भारी प्लेट या बर्तन रख दें. इसे 30 से 45 मिनट तक ऐसे ही रहने दें. इससे पनीर अच्छी तरह सेट हो जाएगा और उसका आकार भी बाजार जैसा दिखेगा.

अब जब आपका पनीर सेट होकर तैयार हो जाए, तो फिर शाही पनीर बनाएं या फिर मटर पनीर. बस आपकी फेवरेट पनीर की डिश के लिए ताजा पनीर रेडी है.