ginger powder
ginger powder
अदरक भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. चाय से लेकर सब्जियों और कई घरेलू नुस्खों तक इसका इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि ताजा अदरक हमेशा उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है. ऐसे में अदरक पाउडर एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. बाजार में मिलने वाले अदरक पाउडर में कई बार मिलावट हो सकती है, इसलिए घर पर इसे तैयार करना ज्यादा बेहतर और किफायती हो सकता है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप घर पर शुद्ध अदरक पाउडर बना सकते हैं, चलिए जानते हैं कैसे.
सही अदरक चुनें
अदरक पाउडर बनाने के लिए ताजी और अच्छी अदरक लें. कोशिश करें कि अदरक में कोई सड़न या खराब हिस्सा न हो. अच्छी अदरक से बना पाउडर ज्यादा स्वादिष्ट और खुशबूदार होता है.
अदरक को अच्छी तरह धो लें
अदरक पर अक्सर मिट्टी लगी होती है. इसलिए इसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. धोने के बाद कपड़े से पोंछ कर कुछ देर सूखने के लिए रख दें.
छोटे और पतले टुकड़ों में काटें
अब अदरक को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें. पतले टुकड़े जल्दी सूख जाते हैं और बाद में इन्हें पीसना भी आसान होता है.
धूप में अच्छी तरह सुखाएं
कटी हुई अदरक को एक साफ प्लेट या ट्रे में फैलाकर धूप में रख दें. इसे 4 से 7 दिन तक सुखाएं. जब अदरक पूरी तरह सूख जाए और हाथ से तोड़ने पर आसानी से टूटने लगे, तब समझिए कि यह तैयार है.
पीस लें
सूखी अदरक को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. अगर पाउडर में कुछ बड़े टुकड़े रह जाएं तो उसे छानकर दोबारा पीस सकते हैं.
डिब्बे में भरकर रखें
तैयार अदरक पाउडर को किसी साफ और एयरटाइट डिब्बे में भर लें. इसे सूखी जगह पर रखें. इस तरह रखा गया अदरक पाउडर कई महीनों तक खराब नहीं होता.
अदरक पाउडर के फायदे
अदरक पाउडर का इस्तेमाल चाय, काढ़ा और कई तरह के खाने में किया जा सकता है. यह खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ शरीर को गर्म रखने में भी मदद करता है. घर पर बना अदरक पाउडर शुद्ध होता है और इसमें किसी तरह की मिलावट का डर नहीं रहता. इसलिए आप इसे आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: