scorecardresearch

कई लेयर वाला आलू पैटीज इस तरह घर पर बनाएं खस्ता और कुरकुरा, बच्चे नहीं खाएंगे बाहर से

इस तरह घर पर ही बना लें खस्ता और कई लेयर वाली आलू की पैटीज.

आलू पैटीज रेसिपी आलू पैटीज रेसिपी

अगर आप बच्चों के लिए कुछ ऐसा स्नैक बनाने का सोच रहे हैं, जो बाहर मिलने वाले फास्ट फूड जैसा स्वाद दे, लेकिन घर का बना और हेल्दी भी हो, तो बना लें कई लेयर वाला ये आलू पैटीज जो बच्चों को खूब पसंद आता है. यह बाहर मिलने वाले पैटीज की तरह खस्ता और कुरकुरा बनता है. इसकी खास बात इसकी परतें होती हैं, जो इसे स्वाद और बनावट दोनों में खास बनाती हैं. एक बार बच्चे इसे खा लेंगे तो बार-बार बनाने की फरमाइश जरूर करेंगे.

आलू पैटीज बनाने का सामान

  • 3 उबले हुए आलू
  • 1 कप मैदा
  • 2 चम्मच सूजी
  • 2 चम्मच मक्खन या तेल
  • 1 बारीक कटी प्याज
  • 1 हरी मिर्च बारीक कटी
  • 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
  • आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा चम्मच चाट मसाला
  • आधा चम्मच गरम मसाला
  • नमक स्वादानुसार
  • तलने के लिए रिफाइन ऑयल

पैटीज के लिए आटा तैयार करें
सबसे पहले एक बाउल में मैदा, सूजी, थोड़ा नमक और मक्खन डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.
आटा तैयार होने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और परतें बनाना आसान होगा.

आलू की मसालेदार स्टफिंग बनाएं
अब एक बर्तन में उबले हुए आलू को अच्छे से मैश कर लें. इसमें कटी प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें.
इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला और नमक मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. यह स्टफिंग ही पैटीज के अंदर भरा जाएगा, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

कई लेयर वाला पैटीज बनाने का तरीका
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को पतला बेलें और उस पर घी लगाकर थोड़ा मैदा छिड़क दें.

अब इसे फोल्ड करके दोबारा बेलें. इसी तरह 2 से 3 बार फोल्ड करके बेलने से इसमें कई परतें बन जाएंगी. अब इसके बीच में तैयार आलू की स्टफिंग रखें और किनारों को बंद कर दें.
हाथों से इसे चपटा कर लें, ताकि पैटीज का आकार बन जाए.

पैटीज को कुरकुरा तलने का तरीका
अब कढ़ाई में रिफाइन गरम करें. रिफाइन मध्यम आंच पर गरम होना चाहिए. तैयार पैटीज को धीरे-धीरे रिफाइन में डालें और सुनहरा होने तक तलें.
जब पैटीज दोनों तरफ से अच्छी तरह कुरकुरी और सुनहरी हो जाए, तब इसे प्लेट में निकाल लें.
गरमा-गरम कई लेयर वाला आलू पैटीज टमाटर सॉस, हरी चटनी या दही के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है. इसे बच्चों के टिफिन या शाम के नाश्ते में भी दिया जा सकता है.
घर में बने इस खस्ता और कुरकुरे पैटीज का स्वाद इतना अच्छा होता है कि बच्चे बाजार का पैटीज खाना लगभग भूल जाते हैं.
 

ये भी पढ़ें