AI Generated Image
AI Generated Image
लोगों को घर में पौधे लगाने का शौक तो काफी होता है, लेकिन पौधों की जब ठीक तरीके से ग्रोथ न हो तो मन खट्टा हो जाता है. कई बार को पत्तियां पीली नजर आने लगी हैं? लगता है कि मानों पौधा मर रहा है. ऐसे में उसे जिंदा रखने के लिए हर बार बाजार से महंगी खाद खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप पौधों के लिए एक आसान लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार कर सकते हैं. इसे केले के छिलके, एलोवेरा और गुड़ की मदद से आसानी के साथ बनाया जा सकता है.
केला खाने के बाद अक्सर उसके छिलके को कूड़े में फेंक दिया जाता है. लेकिन इन्हें पौधों की देखभाल में इस्तेमाल किया जा सकता है. केले के छिलके के साथ एलोवेरा और गुड़ मिलाकर बनाया गया घोल पौधों को न्यूट्रिशन देने में मदद कर सकता है. हालांकि, केवल इस खाद से पौधों में फूल आने की गारंटी नहीं. पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए धूप, सही मात्रा में पानी और अच्छी मिट्टी भी जरूरी होती है.
इस घरेलू खाद को बनाने के लिए करीब 125 ग्राम केले के छिलके, 125 ग्राम एलोवेरा और 25 ग्राम गुड़ लें. इसके अलावा लगभग 1.25 लीटर साफ पानी की जरूरत होगी. केले के छिलकों और एलोवेरा को छोटे टुकड़ों में काट लें. इससे सभी चीजें पानी में आसानी से मिल जाएंगी.
सबसे पहले एक साफ कांच या प्लास्टिक का जार लें. इसमें पानी डालें और फिर केले के छिलके, एलोवेरा के टुकड़े और गुड़ डाल दें. जार को पूरा न भरें, थोड़ी जगह खाली रखें. अब ढक्कन लगाकर मिश्रण को अच्छी तरह हिला दें, ताकि गुड़ पानी में मिल जाए.
जार को करीब 7 दिनों के लिए किसी छायादार जगह पर रख दें. इसे तेज धूप में न रखें. इस दौरान मिक्सचर में गैस बन सकती है. इसलिए रोजाना थोड़ी देर के लिए ढक्कन ढीला करके गैस बाहर निकाल दें और फिर ढक्कन लगा दें.
सात दिन बाद तैयार घोल को सीधे पौधे में न डालें. करीब 100 मिलीलीटर तैयार घोल को 1 लीटर पानी में मिलाएं. इसके बाद इसे पौधे की जड़ों के आसपास मिट्टी में धीरे-धीरे डालें. पहली बार इस्तेमाल करते समय कम मात्रा से शुरुआत करना बेहतर रहेगा. इससे आप जान सकेंगे कि यह आपके पौधे के लिए कितना सही है.