Mango Frooti Recipe
Mango Frooti Recipe
गर्मियों का मौसम आते ही ठंडे और रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स की डिमांड तेजी से बढ़ जाती है. खासकर बच्चों को बाजार में मिलने वाली ठंडी-ठंडी फ्रूटी बेहद पसंद आती है. लेकिन इनमें मौजूद ज्यादा शुगर और प्रिज़रवेटिव्स सेहत के लिए ठीक नहीं होते. ऐसे में अगर आप चाहती हैं कि आपके बच्चे कुछ हेल्दी और नेचुरल पिएं, तो घर पर बनी आम की फ्रूटी एक शानदार विकल्प है. यह न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होती है बल्कि पूरी तरह फ्रेश और केमिकल-फ्री भी होती है.
घर पर फ्रूटी बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता. आपको सिर्फ कुछ ताजे आम और थोड़ी सी तैयारी की जरूरत है. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि बच्चे एक बार पीने के बाद बाहर की फ्रूटी को भूल जाएंगे.
फ्रूटी बनाने के लिए इंग्रीडिएंट्स
इस रेसिपी के लिए आपको चाहिए तीन पके हुए आम, एक छोटा कच्चा आम, आधा कप चीनी और कुछ आइस क्यूब्स. आप अपनी पसंद और आम की मिठास के अनुसार चीनी की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं.
किस तरह से करें तैयार
सबसे पहले पके हुए आमों को छीलकर उनका सारा पल्प निकाल लें. अब कच्चे आम को काटकर इसमें मिला दें. इन सभी को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह ग्राइंड करें ताकि एकदम स्मूद पेस्ट तैयार हो जाए. इसके बाद इस पेस्ट को एक पैन में निकालें और उसमें चीनी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. इसे तब तक पकाएं जब तक मिक्सचर गाढ़ा होकर हल्का चमकदार न दिखने लगे. इस दौरान इसमें बारीक कटा कच्चा आम भी डालें और 2–3 मिनट तक और पकाएं.
ठंडा करके करें स्टोर
जब मिक्सचर तैयार हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. इसके बाद इसे कांच के जार या बोतल में डालें और उसमें ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह घोल लें. ध्यान रखें कि ड्रिंक ज्यादा पतली न हो, ताकि आम का स्वाद बना रहे. अब इसमें आइस क्यूब्स डालकर फ्रिज में स्टोर कर दें.
यह होममेड फ्रूटी न सिर्फ बच्चों बल्कि बड़ों को भी खूब पसंद आएगी. जब भी ठंडा और टेस्टी ड्रिंक पीने का मन करे, बस इसे निकालें और सर्व करें. यह हेल्दी भी है और स्वाद में बाजार वाली फ्रूटी से कहीं बेहतर.