जाने भंवरा बनाने की रेसिपी
जाने भंवरा बनाने की रेसिपी
सर्दियों में हर तरफ हरे मटर का भरमार होता है. इससे कई डिश बनते हैं, लेकिन जो भी कहो ठंड के मौसम में इसका स्वाद अपने चरम पर होता है. अगर आप भी पकोड़े और कचौड़ी से हटकर कुछ नया और चटपटा ट्राय करना चाहती हैं, तो हरे मटर से बना ये भंवरा एक शानदार विकल्प है. खाने में कुरकुर आवाज के साथ क्रिस्प और अंदर से नरम, यह स्नैक चाय के साथ खाने के लिए बहुत टेस्टी होता है. आप इसको घर पर आसानी से बना सकती हैं.
भंवरा बनाने का सामान
ताजा हरा मटर- 2 कप
चावल का आटा- आधा कप
बेसन- एक चौथाई
हरी मिर्च- बारीक कटी
अदरक- लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
हरा धनिया- आधा कप
हल्दी- आधा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
जीरा पाउडर - आधा चम्मच
हींग- 1 चुटकी
नमक- स्वाद अनुसार
तेल- तलने के लिए
भंवरा बनाने का तरीका
सबसे पहले हरे मटर को धोकर एक गोल बर्तन में रख लें. अब इसमें चावल का आटा और बेसन मिलाएं. इसके बाद हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया डालें.
अब हल्दी, लाल मिर्च, जीरा, हींग और नमक मिलाकर सबको हाथ से मिलाएं. ऊपर से पानी डालें. ध्यान रखें कि तैयार बैटर इतना सख्त होना चाहिए कि आप इसके आसानी से टिक्की बना सकें.
भंवरा तलने का तरीका
कढ़ाई को गैस पर चढ़ाएं. जब कढ़ाई गरम हो जाए तो तेल डालें. कढ़ाई में तेल को गरम होने दें. हाथ में थोड़ा बैटर लेकर गोल टिक्की या मन चाहा आकार दें. धीरे से तेल में डालें. एक बार में ज्यादा न डालें ताकि तेल का तापमान बना रहे और सभी भंवरे अच्छे से पक सकें.
इन्हें पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. जब भंवरा बाहर से क्रिस्प दिखने लगे, निकालकर टिशू पेपर पर रखें ताकि बचा हुआ तेल टिशू पेपर निकाल दे.
गरमा-गरम हरे मटर का भंवरा हरी चटनी या सॉस के साथ परोसें. चाय के साथ इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम टेक्सचर इसे और जायकेदार बनाता है.
ये भी पढ़ें