scorecardresearch

How to make chaas at home: बाजार वाला स्वाद चाहिए तो तड़का छाछ में मिला दें ये चीजें, 5 मिनट में मिलेगा चटपटा टेस्ट

गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी छाछ का एक गिलास न सिर्फ थकान दूर करता है, बल्कि पाचन के लिए भी बेहतरीन है. अगर आप भी बाजार या रेस्टोरेंट जैसी चटपटी 'तड़का छाछ' घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए है.

Advertisement
तड़का छाछ रेसिपी तड़का छाछ रेसिपी

गर्मियों में ठंडी-ठंडी छाछ का एक गिलास पूरे दिन की थकान को मिनटों में दूर कर देता है. मजा तो तब आता है जब नाश्ते में बाजार के जैसा ठंडा-ठंडा एक गिलास मसालेदार तड़का छाछ मिल जाए. अगर आप भी घर पर वही ठेले या रेस्टोरेंट वाली छाछ बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी एकदम आपके लिए ही है. इस तरीके से बनी छाछ स्वाद में चटपटी, ठंडी और पेट के लिए बेहद फायदेमंद होती है. 

सबसे पहले तैयार करें बेस
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में ताजी दही लें. ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो. अब इसमें ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह से फेंट लें. ध्यान रखें कि छाछ का बेस एकदम स्मूद और झागदार होना चाहिए, ताकि छाछ पीने में मुलायम लगे. 

स्वाद बढ़ाने वाले मसाले 
अब इस फेंटी हुई छाछ में स्वादानुसार नमक डालें. इसके साथ काला नमक, भुना जीरा पाउडर और एक चुटकी कुटी हुई काली मिर्च मिलाएं. अगर आपको थोड़ा चटपटा स्वाद पसंद है, तो बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया भी डाल सकते हैं. 

बाजार वाला स्वाद पाने के लिए मारे तड़का
अब आती है इस रेसिपी की सबसे खास बात, यानी तड़का. एक छोटी पैन में थोड़ा सा घी या सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, एक चुटकी हींग, बारीक कटी हरी मिर्च और कुछ करी पत्ते डालें. जैसे ही मसालों से खुशबू आने लगे, गैस बंद कर दें.
इस तैयार तड़के को तुरंत छाछ में डाल दें. यही तड़का छाछ को वह खास बाजार वाला फ्लेवर देता है, जो हर घूंट को और भी मजेदार बना देता है. 

ठंडा करके करें सर्व
तड़का डालने के बाद छाछ को एक बार अच्छे से मिला लें. अब इसे 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छे से घुल जाए. सर्व करते समय ऊपर से थोड़ा भुना जीरा और पुदीना डालें. चाहें तो बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं.

गर्मियों के लिए क्यों है बेस्ट
गर्मी में छाछ न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है, बल्कि खाना पचाने में भी मदद करता है. मसाला और तड़का इसे स्वादिष्ट बनाने के साथ पेट को हल्का रखने में भी मदद करता है. यही वजह है कि लंच या नाश्ते के साथ छाछ को एक परफेक्ट समर ड्रिंक मानी जाती है. 

ये भी पढ़ें