काले चने से बनाएं सत्तू
काले चने से बनाएं सत्तू
गर्मियों का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने वाली चीजों की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में सत्तू एक ऐसी देसी चीज है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखती है. बाजार में सत्तू आसानी से मिल तो जाता है, लेकिन उसमें मिलावट के आसार कई गुणा होते हैं. लेकिन अगर आप घर पर शुद्ध और बिना मिलावट वाला सत्तू बनाना चाहते हैं, तो यह काम बेहद आसान है. घर का बना सत्तू न सिर्फ ज्यादा पौष्टिक होता है, बल्कि इसका स्वाद भी अलग और पौष्टिक होता है.
सत्तू बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
घर पर सत्तू बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज है अच्छे क्वालिटी के काले चने. कोशिश करें कि भुना हुआ देसी चना लें या फिर साबुत काला चना लेकर उसे खुद भूनें.
500 ग्राम साबुत चना
आप चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए 2-3 चम्मच जौ और थोड़ा सा जीरा और काला नमक मिक्स कर सकते हैं.
सबसे पहले चने को साफ करके किसी कढ़ाई या मोटे तले वाले पैन में धीमी आंच पर भून लें. ध्यान रखें कि चना अंदर तक अच्छे से भुनना चाहिए. जब चने से सौंधी खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा गहरा दिखे, तो समझ जाएं कि यह तैयार है. लेकिन अगर आपके पास पहले से भुना चना है, तो यह स्टेप छोड़ सकते हैं.
ठंडा करके पीसें
भुने हुए चने को पूरी तरह ठंडा होने दें. गर्म चना सीधे पीसने से उसका स्वाद और टेक्सचर खराब हो सकता है. ठंडा होने पर इसे मिक्सर ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें. कोशिश करें कि पाउडर बिल्कुल स्मूद बने, ताकि पीने में दिक्कत न हो. अगर चाहें तो छलनी से छानकर मोटे दाने अलग कर सकती हैं और उन्हें दोबारा पीस सकती हैं.
नमकीन और मीठा दोनों तरह से करें इस्तेमाल
घर का बना सत्तू कई तरीकों से इस्तेमाल किया जा सकता है. नमकीन सत्तू शरबत के लिए इसमें काला नमक, भुना जीरा, नींबू और ठंडा पानी मिलाएं. वहीं मीठा सत्तू ड्रिंक बनाने के लिए इसमें चीनी, मिश्री या गुड़ मिला सकती हैं. कई लोग इसे पराठे की स्टफिंग, लिट्टी या हेल्दी ड्रिंक के रूप में भी पसंद करते हैं.
सेहत के लिए क्यों है फायदेमंद
सत्तू शरीर को ठंडक देता है और गर्मियों में लू से बचाने में मदद करता है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और आयरन अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देता है. यह पाचन तंत्र को भी बेहतर रखता है और दिनभर ताजगी बनाए रखता है.
स्टोर करने का सही तरीका
तैयार सत्तू को एयरटाइट कांच या स्टील के जार में भरकर रखें. इसे सूखी जगह पर रखने से यह लंबे समय तक ताजा बना रहता है. घर का बना शुद्ध सत्तू स्वाद में भी बेहतर होता है और सेहत के लिए भी एकदम भरोसेमंद. गर्मियों में इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें.
ये भी पढ़ें