scorecardresearch

Healthy Breakfast Recipe: रागी से बनाएं 5 मिनट में ये टेस्टी नाश्ता, बच्चे खाएंगे शौक से

रागी में सेहत का खजाना छिपा है. अगर आप भी अपने बच्चे को हेल्दी खिलाना पसंद करती हैं तो इस रेसिपी को ट्राय कर सकती हैं. ये डिश कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है.

Advertisement
रागी के आटे का चीला रागी के आटे का चीला

बच्चों को हेल्दी नाश्ता कराना किसी चुनौती से कम नहीं होता. बच्चे रोटी-सब्जी खाने में इतने नखरे करते हैं तो रागी कैसे खाएंगे? अगर आप भी ये सोचती हैं तो अब सोचना छोड़ दें. हम आपको एक ऐसी रेसीपी बताने जा रहे हैं, जिसे बच्चे न केवल खाएंगे बल्कि हर रोज बनाने बोलेंगे. रागी यानी मंडुआ सेहत के लिहाज से काफी फायदेमंद होता है. इसे सुपर फूड में शामिल किया गया है. रागी में आयरन, कैल्शियम, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. मधुमेह और कुपोषण से पीड़ित लोगों के लिए भी अत्यंत लाभदायक होता है. अगर आप भी बच्चों को हेल्दी और पोषण से भरपूर ब्रकफास्ट करवाना चाहती हैं तो इस रेसिपी को नोट कर लें. 

रागी का ये नाश्ता बनाने के लिए आपको चाहिए- 
1 कप रागी का आटा
आधा कप दही
1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
1 छोटी गाजर कद्दूकस की हुई
1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई (बच्चों के हिसाब से)
थोड़ा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
थोड़ा तेल या घी

इस तरह तैयार करें रागी का टेस्टी नाश्ता
सबसे पहले एक बर्तन में रागी का आटा और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें कटा हुआ प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर, हरा धनिया और नमक डालें. सारी चीजों को मिलाते हुए थोड़ा-थोड़ा पानी डालें, ताकि एक गाढ़ा लेकिन आसानी से फैलने वाला घोल तैयार हो जाए.

अब गैस पर नॉनस्टिक तवा गर्म करें और उस पर तेल या घी फैला कर लगा लें. तैयार घोल को तवे पर डालकर छोटे चीले की तरह फैला दें. इसे मध्यम आंच पर पकने दें. जब नीचे की तरफ से चीला सिक जाए, तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें.

दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने पर इसे प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी घोल से भी छोटे-छोटे चीले तैयार कर लें. याद से फ्लेम मीडियम से लो रखें. 

बच्चों को इस तरह परोसें
रागी के इन छोटे चीलों को टोमैटो सॉस, दही या हरी चटनी के साथ बच्चों को सर्व करें. बच्चों को पसंद आने वाले आकार में इन्हें काटकर भी दे सकते हैं. सब्जियां डालने से इसका स्वाद बढ़ जाता है और बच्चे एक ही नाश्ते में रागी के साथ कुछ सब्जियां भी खा लेते हैं.
 

ये भी पढ़ें