गुलाब जल
गुलाब जल
स्किन केयर के लिए हमेशा महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं होती. कई बार घर में मौजूद चीजों से भी त्वचा की देखभाल की जा सकती है. गुलाब जल भी ऐसी ही एक चीज है, जिसका इस्तेमाल लंबे समय से स्किन केयर में किया जाता रहा है. यह चेहरे को ताजगी देने और त्वचा को तरोताजा महसूस कराने में मदद करता है. हालांकि, बाजार में मिलने वाले गुलाब जल में खुशबू या दूसरे तत्व मिलाए जा सकते हैं. ऐसे में अगर आप घर पर गुलाब जल बनाना चाहते हैं, तो यह काफी आसान है. फेमस इंटरनेट पर्सनैलिटी पूनम देवनानी ने अपने यूट्यूब चैनल पर घर पर गुलाब जल बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं कि इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे लंबे समय तक कैसे स्टोर कर सकते हैं.
गुलाब जल बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
घर पर गुलाब जल बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए ताजे गुलाब के फूल, साफ पानी, कुछ बर्फ के टुकड़े, एक गहरा बर्तन, एक छोटी कटोरी और बर्तन को ढकने के लिए ढक्कन चाहिए. इन चीजों की मदद से आप घर पर गुलाब जल तैयार कर सकते हैं.
इस आसान तरीके से बनाएं गुलाब जल
सबसे पहले गुलाब के फूलों को अच्छी तरह धो लें और उनकी पंखुड़ियों को अलग कर लें. अब एक गहरे बर्तन में गुलाब की पंखुड़ियां डालें और बीच में एक छोटी कटोरी रख दें. इसके बाद बर्तन में इतना साफ पानी डालें कि पंखुड़ियां पानी में डूबी रहें, लेकिन पानी कटोरी के अंदर न जाए. अब बर्तन को गैस पर रखकर ढक्कन से ढक दें. पानी गर्म होने लगे, तो आंच धीमी कर दें. इसके बाद ढक्कन के ऊपर कुछ बर्फ के टुकड़े रख दें. गर्म पानी से उठने वाली भाप ढक्कन से टकराकर ठंडी होगी और पानी की बूंदें बनकर कटोरी में जमा होंगी. इस प्रक्रिया को करीब 20 से 25 मिनट तक चलने दें. फिर गैस बंद करके बर्तन को ठंडा होने दें. कटोरी में जमा पानी को अलग निकाल लें. यही आपका घर पर तैयार किया गया गुलाब जल है.
गुलाब जल को कैसे करें स्टोर?
गुलाब जल ठंडा होने के बाद इसे एक साफ और सूखी एयरटाइट बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें. पूनम देवनानी के मुताबिक, इस तरीके से स्टोर करने पर यह लंबे समय तक चल सकता है. हालांकि, घर पर बने गुलाब जल में प्रिजर्वेटिव नहीं होते, इसलिए इसके छह महीने तक सुरक्षित रहने की गारंटी नहीं है. इसकी साफ-सफाई और स्टोरेज का खास ध्यान रखें. अगर गुलाब जल की खुशबू, रंग या रूप में बदलाव नजर आए, तो इसे इस्तेमाल न करें. पहली बार चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि त्वचा पर किसी तरह की परेशानी होने का पता चल सके.
ये भी पढ़ें: