बेसन से बनी आपने कई चीज खाई होगी, आज हम आपके लिए लेकर आए हैं ये अनोखी सब्जी. इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि इसे कोई भी खा सकता है. खास कर वह लोग, जिन्हें मछली पसंद है, या जो नॉन वेज नहीं खाते. वह इस सब्जी को घर पर जरूर ट्राय करें.
घबराए नहीं इसका स्वाद और बनाने का तरीका ही केवल मछली जैसा है, बाकी ये सब्जी पूरी तरह से वेज है. इसकी खासियत ये है कि आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. ये डिश मिनटों में बन कर तैयार हो जाती है. आप इसे दाल की जगह चावल के साथ खा सकते हैं. इसका स्वाद पराठे और रोटी के साथ भी अच्छा लगता है.
इस सब्जी को बनाने के लिए आपको चाहिए -
- बेसन- 200 ग्राम
- नमक- स्वाद अनुसार
- हल्दी- आधा चम्मच
- सरसों- पीसा हुआ आधा कटोरी छोटा
- मेथी दाना- एक चुटकी
- हींग- एक चुटकी
- धनिया पाउडर- आधा चम्मच
- जीरा पाउडर- आधा चम्मच
- काली मिर्च- आधा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
- लहसुन- 7 से 8 कली
- धनिया पत्ती- बारीक कटी
- पानी- बेसन का बैटर और ग्रेवी तैयार करने के लिए
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक कटोरी लें.
- उसमें बेसन डालें.
- ऊपर से नमक और हल्दी मिला कर बैटर तैयार कर लें.
- फिर गैस पर तवा चढ़ाएं और उस पर बेसन को चीले की तरह फैला लें.
- बेसन को थोड़ा मोटा ही रहने दें.
- फिर कम गैस पर एक तरफ से चीले को पका लें.
- जब चीला तवा छोड़ने लगे, तो उसे मोड़ कर रोल बना लें और छोटे-छोटे पीस में काट लें.
- काटने के बाद एक बर्तन में रख कर साइड कर दें.
इस तरह तैयार करें ग्रवी
- सबसे पहले एक कढ़ाई गर्म करें और उसमें तेल डाल दें.
- जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें लहसुन को छील और छोटा-छोटा काट कर डालें.
- इसके बाद मेथी डालें और हींग भी डाले.
- इसके बाद सारे मसालों को डाल कर भूने, लेकिन सरसों बाद में डालें.
- जब मसाले तेल छोड़ने लगे तब इसमें पानी के साथ सरसों मिलाएं.
- पानी जब खौलना शुरू हो, तो इसमें बेसन का कटा चीला डालें.
- याद रखें कि सरसों को तलने से सब्जी में कड़वाहट आ सकती है.
- जब उबाल आने लगे, तब इसमें धनिया की पत्तियों को छिड़क कर गैस बंद कर दे.
गरमागरम इसको चावल के साथ सर्व करें. इसके साथ प्याज और नींबू का सलाद बहुत अच्छा लगता है. आप चाहें तो इसे पराठे और रोटी के साथ भी खा सकते हैं. बासी रोटी में भी ये बढ़िया लगता है.
ये भी पढ़ें