Methods for Ironing Clothes
Methods for Ironing Clothes
साफ-सुथरे और प्रेस किए हुए कपड़े पहने से न सिर्फ हम अट्रैक्टिव दिखते हैं बल्कि इससे हमारी पर्सनालिटी भी काफी निखर जाती है. यदि आपके पास कपड़ों को प्रेस करने के लिए आयरन नहीं है या समय नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको बिना आयरन के कपड़े प्रेस करने के टिप्स बता रहे हैं. इन तरीकों से बस चंद मिनटों में कपड़ों की सिलवटें गायब हो जाएंगी.
1. कपड़ों की सिलवटें हटाने के लिए करें भाप का इस्तेमाल
यदि आपके पास कपड़ों को प्रेस करने के लिए आयरन नहीं हो तो आप कपड़ों की सिलवटों को दूर करने के लिए आप बाथरूम में बनी गर्म पानी की भाप का इस्तेमाल कर सकते हैं. दरअसल, जब हम बाथरूम में जब गर्म पानी से स्नान करते हैं तो बाथरूम के अंदर भाप अपने आप बनने लगती है. ऐसे में आप तुरंत बाथरूम में उन सभी कपड़ों को हैंगर में लगाकर टांग दें, जिनमें सिलवटें आ गई हैं. आपको मालूम हो कि ऐसा करने के सिर्फ 10 से 15 मिनटों में ही कपड़ों में मौजूद सिलवटें कम होने लगती हैं. कुछ देर पर कपड़ा प्रेस करने जैसा हो जाता है.
2. कपड़ों की हल्की सिलवटें दूर करने के लिए करें पानी के स्प्रे का इस्तेमाल
यदि कपड़ों पर हल्की सिलवटें हैं तो इसे दूर करने के लिए आप पानी के स्प्रे का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको सबसे पहले एक स्प्रे बोतल में पानी भरना होगा. इसके बाद इसे कपड़ों पर हल्का-हल्का स्प्रे करना होगा. ऐसा करने के बाद कपड़ों को हल्के हाथों से खींचकर सीधा करें. फिर कपड़ों को सूखने के लिए धूप में टांग दें. कपड़ों को अच्छे से सूख जाने के बाद आप देखेंगे कि उनपर से सिलवटें गायब हो गईं हैं.
3. कपड़ों को गद्दे के नीचे दबा दें
यदि आप अपने कपड़ों की सिलवटों को बिना आयरन के दूर करना चाह रहे हैं तो आप गद्दे और तकिये का इस्तेमाल कर सकते हैं. आपको सुनने में यह थोड़ा अटपटा जरूर लग सकता है लेकिन यह बहुत ही कारगर उपाय है. आप रात को सोने से पहले कपड़ों को अच्छी तरह से फोल्ड करके बिस्तर के गद्दे या तकिये के नीचे दबाकर रख दें. आप जब सुबह उठकर इन कपड़ों को देखंगे तो इनमें मौजूद सिलवटें कम हो चुकी होंगी.
4. हेयर ड्रायर का कर सकते हैं इस्तेमाल
यदि आप अपने कपड़ों की सिलवटों को बिना आयरन के दूर करना चाह रहे हैं तो आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको सबसे पहले कपड़े पर पानी से स्प्रे करना होगा. इसके बाद हेयर ड्रायर को मीडियम तापमान में चलाकर कपड़े पर चलाना होगा. आपको मालूम हो कि हेयर ड्रायर से निकलने वाली गर्म हवा सिलवटों को कम करने में मदद करती हैं. कपड़ों को रिंकल फ्री करने के लिए आप हेयर स्ट्रेटनर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
5. कपड़े धोने के बाद अच्छी तरह से झाड़ कर सुखाएं
कपड़े धोने के बाद उसे अच्छी तरह से झाड़ कर सुखाना भी अच्छी ट्रिक है. अगर आपको पता है कि आयरन नहीं कर पाएंगे तो उस कपड़े को धोकर अच्छे से झाड़ लें और फिर सुखा दें.
6. भगोने या पतीले का कर सकते हैं इस्तेमाल
आप भगोने या पतीले को गर्म करके भी कपडे के ऊपर आयरन की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, यह जरूर ध्यान रहे कि भगोना या पतीला नीछे से सपाट हो और गंदा न हो.